खेल खिलाड़ी

भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टीम में वापसी पर वसीम जाफर बोले ‘चुनकर कोई एहसान नहीं किया’

Wasim Jaffer on Bhuvneshwar Kumar's return to the Indian team: 'Selecting him was no act of charity'चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी हो गई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया है। भुवनेश्वर की वापसी के बाद भारतीय क्रिकेट में आगामी 2027 वनडे विश्व कप को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि चयनकर्ताओं ने मौजूदा तेज गेंदबाजी आक्रमण को लेकर पूरी तरह भरोसा नहीं होने के कारण भुवनेश्वर को एक बार फिर मौका दिया है। अगर भुवनेश्वर अपनी फिटनेस साबित करते हैं और अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो वह 2027 विश्व कप में जसप्रीत बुमराह के साथ तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

भारत के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने भुवनेश्वर के चयन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर को टीम में चुनना किसी तरह की मेहरबानी नहीं है, बल्कि उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें यह मौका मिलना चाहिए था।

‘उन्हें चुनकर कोई एहसान नहीं किया’

वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “देर आए, दुरुस्त आए। वह इसके हकदार हैं। उन्हें चुनकर किसी ने कोई एहसान नहीं किया है। उनका प्रदर्शन सामने है और उनकी फिटनेस भी अच्छी रही है। मुझे समझ नहीं आता कि उन्हें पहले क्यों बाहर किया गया था।”

जाफर ने कहा कि भुवनेश्वर ने आईपीएल और उत्तर प्रदेश के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में उनकी उम्र को चयन के रास्ते में नहीं आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका देना जरूरी है, लेकिन अनुभवी खिलाड़ियों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। दबाव वाले मुकाबलों में अनुभव काफी महत्वपूर्ण होता है और किसी भी टीम में केवल युवा खिलाड़ियों के भरोसे नहीं खेला जा सकता।

जाफर ने कहा, “हमें उम्र को अलग रखकर देखना चाहिए। हमारे पास युवा खिलाड़ी हैं, लेकिन जो खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आखिरकार दबाव के समय आपको अनुभव की जरूरत होती है। आप पूरी तरह युवा टीम के साथ नहीं खेल सकते। आपको अनुभव और युवा जोश का मिश्रण चाहिए।”

वसीम जाफर ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज को लगातार खेलने का मौका नहीं मिलने पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि शमी को खासतौर पर टेस्ट टीम में जगह मिलनी चाहिए। वनडे टीम को लेकर उन्होंने कहा कि भारत ने कई गेंदबाजों को आजमाया है, लेकिन टीम प्रबंधन अभी भी अपने दूसरे और तीसरे तेज गेंदबाज को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर नहीं आता।

जाफर ने कहा, “आप सिराज को भी लगातार खेलने का समय नहीं दे रहे हैं। मुझे समझ नहीं आता कि आपके दूसरे और तीसरे तेज गेंदबाज कौन हैं। मेरे हिसाब से शमी को वनडे टीम में होना चाहिए, खासकर जब विश्व कप भी करीब है। जब आपके पास इतनी गुणवत्ता है तो आपको उसका इस्तेमाल करना चाहिए।”

जाफर की पहली पसंद बुमराह, शमी और सिराज

पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा कि अगर उन्हें टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण चुनना हो तो उनकी पहली पसंद जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज होंगे। उन्होंने कहा, “मेरी पहली पसंद बुमराह, शमी और सिराज होंगे। मैं विश्व कप के बाद टीम में बदलाव और पुनर्निर्माण के बारे में सोचूंगा।”

वसीम जाफर ने मोहम्मद शमी की टेस्ट क्रिकेट में वापसी की भी इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से शमी को टेस्ट टीम में वापस देखने का इंतजार कर रहे हैं।

जाफर ने कहा कि जब भी भारतीय टीम की घोषणा होगी, उनकी नजर शमी और आकिब नबी पर रहेगी। उन्होंने चिंता जताई कि अगर शमी को इस मौके पर भी नजरअंदाज किया गया, तो उनके लिए भारतीय टीम के दरवाजे बंद हो सकते हैं।

भुवनेश्वर कुमार की वापसी के साथ अब भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी संयोजन पर सबकी नजरें रहेंगी। खास तौर पर 2027 वनडे विश्व कप को देखते हुए चयनकर्ताओं के सामने अनुभव और युवा प्रतिभा के बीच सही संतुलन बनाने की चुनौती होगी। :::

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *