देश-प्रदेशहाल फिलहाल

मेहंदी की खुशबू और तिरुक्कुरल का संदेश, बीएचयू में नजर आई उत्तर-दक्षिण की सांस्कृतिक विरासत

The fragrance of henna and the message of the Tirukkural—the cultural heritage of both North and South was on display at BHUचिरौरी न्यूज

वाराणसी: कहीं मेहंदी के खूबसूरत डिजाइनों में भारतीय परंपरा की झलक दिखी तो कहीं रंग-बिरंगे पोस्टरों पर तमिल साहित्य के अनमोल विचारों ने अपनी छाप छोड़ी। मौका था काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के विश्वनाथ मंदिर परिसर में आयोजित काशी तमिल संगमम् 5.0 के पूर्व आयोजन का। यहां मेहंदी और पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा से संस्कृति और कला का अनूठा संगम पेश किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने साबित किया कि भाषा भले अलग हो, लेकिन कला और संस्कृति लोगों को जोड़ने का सबसे खूबसूरत माध्यम है। मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पारंपरिक डिजाइनों को अपनी कल्पनाशीलता के साथ सजाया। हाथों पर उकेरी गई कलाकृतियों में भारतीय परंपरा और कलात्मक अभिव्यक्ति की झलक दिखाई दी। प्रतियोगिता का समन्वयन विजय भगत ने किया।

वहीं, पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता की थीम ‘Thirukkural Payilvom – तिरुक्कुरल पढ़ें एवं सीखें’ रखी गई। इसके जरिए विद्यार्थियों को तमिल के महान साहित्यिक ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षाओं, नैतिक मूल्यों और जीवन-दर्शन से जोड़ने का प्रयास किया गया। प्रतिभागियों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से तिरुक्कुरल के संदेशों को पोस्टरों पर उकेरा। प्रतियोगिता का समन्वयन साहेब राम टुडू ने किया।

पोस्टर के बहाने जाना तमिल साहित्य का महत्व

प्रतियोगिता में शामिल बीएचयू के वनस्पति विज्ञान विभाग की बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा अपूर्वा ने बताया कि पोस्टर डिजाइन के जरिए अपनी रचनात्मकता दिखाने के साथ तिरुक्कुरल के विचारों को समझने का अवसर मिला। उनके लिए यह अनुभव नया और रोचक रहा। वहीं, अंग्रेजी विभाग की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा साक्षी ने कहा कि रचनात्मक तरीके से अपने विचारों को प्रस्तुत करना इस आयोजन का सबसे आनंददायक हिस्सा रहा। काशी तमिल संगमम् का हिस्सा बनकर उन्हें भारतीय संस्कृति की विविधता और भाषाई एकता को करीब से समझने का मौका मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *