देश-प्रदेशनीति राजनीतिहाल फिलहाल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल किया

President Droupadi Murmu appointed and reshuffled governors in six states.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और तबादले की घोषणा की। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरलम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु स्थानांतरित किया गया है।

इस फेरबदल के तहत ब्रज मोहन राम को ओडिशा, सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। सभी नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों के कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।

घोषणा के बाद कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने नवनियुक्त राज्यपालों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में बिसेन का राजनीतिक अनुभव और जनसेवा में योगदान उल्लेखनीय रहा है। धामी ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए मां गंगा और बाबा केदार से प्रार्थना की।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी सभी छह राज्यपालों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अपने कार्यकाल के दौरान जनसेवा, सुशासन और अपने-अपने राज्यों की प्रगति के लिए योगदान देंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नवनियुक्त राज्यपालों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका कार्यकाल समर्पित सेवा, विवेकपूर्ण नेतृत्व और देश की प्रगति एवं समृद्धि में सार्थक योगदान से परिपूर्ण हो।

वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राष्ट्रपति द्वारा की गई नियुक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने सभी राज्यपालों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि उनके कार्यकाल में जनकल्याण और राज्यों का विकास आगे बढ़ेगा।

त्रिपुरा पश्चिम के लोकसभा सांसद बिप्लब कुमार देब ने विशेष रूप से सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव से राज्य में विकास, समृद्धि और समावेशी प्रगति को बढ़ावा मिलेगा।

छह राज्यों में हुई ये नियुक्तियां और तबादले प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव हैं। राष्ट्रपति भवन की विज्ञप्ति के अनुसार, सभी नवनियुक्त राज्यपाल संबंधित पदों का कार्यभार संभालने की तारीख से अपनी जिम्मेदारियां निभाना शुरू करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *