कुमार संगकारा ने रायनएयर के कर्मचारियों पर भेदभाव करने और धमकी भरा व्यवहार करने का आरोप लगाया
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने डबलिन एयरपोर्ट पर रयानएयर (Ryanair) के कर्मचारियों पर अपने परिवार के साथ यात्रा करते समय भेदभावपूर्ण और धमकी भरा व्यवहार करने का आरोप लगाया है। 48 वर्षीय संगकारा ने बुधवार, 28 अक्टूबर को ‘X’ (ट्विटर) पर अपना गुस्सा जाहिर किया और इस घटना को चौंकाने वाला और अस्वीकार्य बताया।
पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट पर एयरलाइन के गेट कर्मचारियों ने उनके परिवार के साथ अनुचित व्यवहार किया। ‘X’ पर अपनी पोस्ट में, संगकारा ने पूछा कि क्या डबलिन में रयानएयर के कर्मचारियों के साथ अन्य यात्रियों को भी ऐसे ही अनुभवों का सामना करना पड़ा है।
संगकारा ने लिखा, “क्या किसी और को भी डबलिन में रयानएयर के गेट कर्मचारियों की ओर से भेदभावपूर्ण व्यवहार का सामना करना पड़ा है?” “मेरे परिवार के साथ अभी ऐसा ही हुआ और यह चौंकाने वाला था। उनके बात करने का लहजा, प्रक्रियाओं को गलत तरीके से संभालना और धमकी भरा व्यवहार—किसी भी यात्री के लिए यह अस्वीकार्य है। डबलिन में यह मेरा पहला बुरा अनुभव है।”
संगकारा ने यह नहीं बताया कि यह विवाद किस वजह से शुरू हुआ या घटना से जुड़ी अन्य कोई जानकारी नहीं दी। हालांकि, उनकी बातों से पता चलता है कि वे इस बात से सबसे ज्यादा नाराज थे कि एयरलाइन के कर्मचारियों ने उनके परिवार से किस तरह बात की।
फिलहाल, श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने डबलिन एयरपोर्ट पर हुई इस कथित घटना के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी है, और रयानएयर ने भी अभी तक उनके दावों पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
श्रीलंका के पूर्व कप्तान की इस पोस्ट पर उनके ही देश के संजीवा वीरावारना ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पश्चिमी देशों में रहने और यात्रा करने के दौरान खुद के साथ हुए भेदभाव के अनुभवों को साझा किया। वीरावारना ने लिखा, “कुमार, मैंने पश्चिमी देशों के हर हिस्से में भेदभाव का सामना किया है। मैं वहां 16 साल रहा, 25 साल तक वहां आना-जाना लगा रहा, लेकिन अब बस बहुत हो गया।”
उन्होंने आगे कहा कि इन अनुभवों की वजह से अब उनका पश्चिमी देशों की यात्रा करने का मन नहीं करता, जब तक कि बहुत जरूरी न हो। संगकारा ने जवाब देते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं कितनी परेशान करने वाली हो सकती हैं। उन्होंने लिखा, “जब आप खुद ऐसी चीजों का सामना करते हैं, तो यह वाकई बहुत परेशान करने वाला होता है, संजीवा।”
संगकारा को श्रीलंकाई क्रिकेट इतिहास के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक माना जाता है। उन्होंने अपने देश के लिए 134 टेस्ट, 404 वनडे और 56 टी20 मैचों में खेलने के बाद 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया।
उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 12,400 रन बनाए, जिसमें 38 शतक और 52 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में, उन्होंने लगभग 42 की औसत से 14,234 रन बनाए, जिसमें 25 शतक और 93 अर्धशतक शामिल रहे। वह श्रीलंका की उन टीमों का भी हिस्सा थे जो 2007 और 2011 के विश्व कप फाइनल में पहुंची थीं, जहां दोनों बार टीम उपविजेता रही।
