शादी के 4 साल बाद गायिका कनिका कपूर की पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने का फैसला
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: शादी के चार साल बाद, गायिका कनिका कपूर ने अपने पति गौतम हथिरमानी से अलग होने का फैसला किया है। इंस्टाग्राम स्टोरी पर यह खबर साझा करते हुए, कनिका ने लिखा, “प्रिय दोस्तों और परिवार वालों, काफी सोच-विचार के बाद, मैंने और मेरे पति ने अलग होने का फैसला किया है। हमने जो समय साथ बिताया, उसके लिए मैं आभारी हूँ और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देती हूँ। आगे बढ़ते हुए, मैं आप सभी से हमारी प्राइवेसी (निजता) का सम्मान करने की विनती करती हूँ।”
इससे पहले कनिका की शादी बिजनेसमैन राज चंडोक से हुई थी, जिनसे उनके तीन बच्चे हैं – बेटियाँ आयाना और समारा, और बेटा युवराज।
कनिका ने 1998 में राज से शादी की थी, तब वह सिर्फ 18 साल की थीं। शादी के बाद वह लंदन चली गईं, जहाँ उन्होंने कई साल बिताए और अपने बच्चों की परवरिश की।
2012 में वे अलग हो गए। इसके बाद कनिका संगीत में अपना करियर बनाने के लिए भारत लौट आईं।
कनिका ने पहले बताया था कि वह गौतम को लगभग 15 सालों से जानती थीं और रिश्ते में आने से पहले वे अच्छे दोस्त थे। उन्होंने यह भी बताया था कि उन्होंने खुद गौतम को दो बार शादी के लिए कहा था – पहली बार 2014 में और फिर 2020 में। आखिरकार अगस्त 2021 में गौतम ने उन्हें प्रपोज किया, और 20 मई 2022 को लंदन में एक निजी लेकिन शानदार समारोह में दोनों ने शादी कर ली।
कनिका कपूर को 2014 में सनी लियोन की फिल्म ‘रागिनी एमएमएस 2’ के गाने ‘बेबी डॉल’ से बड़ी पहचान मिली। ‘मीत ब्रोस’ द्वारा कंपोज किया गया यह गाना तुरंत हिट हो गया, जिससे कनिका एक लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर बन गईं। उनके हिट गानों की लिस्ट में उसी साल आई फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’ (जिसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण थे) का गाना ‘लवली’ भी शामिल है।
