काशी तमिल संगमम 5: BHU ने वॉलंटियर बनने के लिए शुरू किया आवेदन प्रक्रिया
चिरौरी न्यूज
वाराणसी: काशी तमिल संगमम 5.0 के सफल आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस क्रम में आयोजन के समन्वयक संस्थान काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने स्वयंसेवक (वॉलंटियर) के रूप में जुड़ने के इच्छुक छात्रों के लिए आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। वाराणसी के विभिन्न विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र इस आयोजन का हिस्सा बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करना तथा दोनों क्षेत्रों की समृद्ध विरासत को करीब लाना है।
स्वयंसेवक बनने के लिए आवेदक का वाराणसी स्थित किसी भी विश्वविद्यालय का छात्र होना अनिवार्य है। इसके अलावा, आवेदकों और अतिथियों के साथ विनम्रता एवं जिम्मेदारी से संवाद करने का कौशल होना चाहिए। उम्मीदवारों को कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान, विशेषकर माइक्रोसॉफ्ट एक्सेल की जानकारी होनी चाहिए। साथ ही, उनके पास अपना स्मार्टफोन होना भी जरूरी है।
आवेदन करने वाले छात्रों को निर्धारित तिथियों और कार्य शिफ्ट के दौरान समय पर उपलब्ध रहना होगा।
चयनित स्वयंसेवकों को मिलेगा प्रमाण पत्र
आयोजन में जिम्मेदारी निभाने वाले सभी चयनित स्वयंसेवकों को आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। हालांकि, आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि स्वयंसेवक के रूप में जुड़ने का मतलब तमिलनाडु यात्रा का अवसर मिलना नहीं है। छात्रों को इस संबंध में किसी तरह की अपेक्षा नहीं रखनी चाहिए।
समिति के अनुसार, यह जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है। ऐसे में उन्हीं छात्रों को अवसर दिया जाएगा, जो पूरी निष्ठा, गरिमा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध होंगे।
यहां करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
इच्छुक एवं पात्र छात्र काशी तमिल संगमम के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ‘Register as a Volunteer’ विकल्प के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। आधिकारिक वेबसाइट: https://kashitamil.bhu.edu.in/volunteers.html
वाराणसी के विश्वविद्यालयी छात्रों के लिए यह एक बड़े सांस्कृतिक आयोजन से जुड़ने, अतिथियों के साथ काम करने और आयोजन प्रबंधन का अनुभव हासिल करने का अच्छा अवसर है।
