यूपी में सीट बंटवारे पर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने इमरान मसूद को दी नसीहत, ‘अहंकार छोड़ एकजुट हों’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान तेज होती जा रही है। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी सांसद इमरान मसूद को नसीहत देते हुए कहा कि नेताओं को केवल बयानबाजी के बजाय मिलकर काम करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विपक्षी गठबंधन की मजबूती के लिए एकजुटता और अहंकार छोड़ने की अपील भी की।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खरगे ने इमरान मसूद का नाम लेकर कहा, “मैं उन्हें अक्सर टेलीविजन पर सुनता हूं, जहां वह काफी जोश के साथ अपनी बात रखते हैं। लेकिन हमें सिर्फ बोलने के बजाय काम करने पर ध्यान देना चाहिए। हम जितना मिलकर काम करेंगे, उतनी ही आगे बढ़ेंगे।”
खरगे ने आगे कहा कि इमरान मसूद संसद में पार्टी के लिए लगातार लड़ते हैं और कांग्रेस के पक्ष को मजबूती से रखने का प्रयास करते हैं।
अपने भाषण के दौरान खरगे ने एक बार फिर मंच पर बैठे नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराना है। इसके लिए सभी को एकजुट रहना होगा और अहंकार छोड़कर आगे बढ़ना होगा।
इमरान मसूद ने सपा पर उठाए सवाल
दरअसल, खरगे के बयान से पहले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी के रवैये पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस सपा की गठबंधन सहयोगी है या फिर उसकी सेवक?
मसूद ने कहा, “हम किसी से कम नहीं हैं। कांग्रेस के लोगों को यह बात समझनी चाहिए। गठबंधन का मतलब होता है कि संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हो और हर फैसला मिलकर लिया जाए। अगर यहां कुछ अलग हो रहा है, तो मुझे इसकी जानकारी नहीं है।”
उन्होंने सपा की ओर से विधानसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने पर भी आपत्ति जताई। मसूद के मुताबिक, कांग्रेस और सपा के बीच सीटों को लेकर बातचीत जारी थी, इसके बावजूद सपा ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।
26 सीटें देने पर अड़ी सपा, कांग्रेस ने मांगी 100 से ज्यादा सीटें
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को केवल 26 सीटें देने की पेशकश कर रही है, जबकि कांग्रेस 100 से अधिक सीटों की मांग कर रही है।
इमरान मसूद कांग्रेस की उस समन्वय समिति के सदस्य हैं, जो सीटों के बंटवारे पर बातचीत कर रही है। सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों की घोषणा के बाद उनकी नाराजगी और बढ़ गई है। इनमें चार मौजूदा विधायक हैं और अधिकांश सीटें उस क्षेत्र से जुड़ी हैं, जिसे मसूद अपना राजनीतिक आधार मानते हैं।
2017 चुनाव का भी दिया हवाला
इमरान मसूद ने सीटों के बंटवारे पर अपनी दलील देते हुए 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब कांग्रेस ने 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था।
मसूद ने सवाल उठाया कि जब अखिलेश यादव अभी मुख्यमंत्री भी नहीं बने हैं, तो कांग्रेस को इतनी कम सीटें देने की बात कैसे की जा सकती है?
वहीं, अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा था कि गठबंधन में उम्मीदवारों का चयन पार्टी के नाम या पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के नजरिए से होना चाहिए।
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पीडीए समीकरण ने INDIA गठबंधन को मजबूती दी थी। अब विधानसभा चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच बढ़ती बयानबाजी ने गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
