पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने थामा टीएमसी का हाथ

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: पूर्व केन्द्रीय मंत्री और एक समय में भारतीय जनता पार्टी के महत्वपूर्ण नेता रहे यशवंत सिन्हा आज ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। यशवंत सिन्हा पिछले कई सालों से बीजेपी से नाराज चल रहे थे और पार्टी की आलोचना करने का कोई मौका नहीं चूकते थे। आज भी टीएमसी में शामिल होने के बाद उन्होंने जमकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने पूछा कि आज बीजेपी के साथ कौन खड़ा है।

तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के लिए यशवंत सिन्हा आज कोलकाता स्थित टीएमसी भवन पहुंचे, जहां सुदीप बंधोपाध्याय और डेरेक ओ ब्रायन ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान कहा कि पश्चिम बंगाल में तीसरी बार ममता बनर्जी की सरकार बनेगी और बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा।

बता दें कि यशवंत सिन्हा झारखंड के हजारीबाग सीट से 2014 तक सांसद रह चुके हैं। यशवंत सिन्हा टीएमसी में शामिल होने के बाद ने मीडिया से कहा, ‘प्रजातंत्र की ताकत प्रजातंत्र की संस्थाएं होती हैं। आज लगभग हर संस्था कमजोर हो गई है, उसमें देश की न्यायपालिका भी शामिल है। हमारे देश के लिए ये सबसे बड़ा खतरा पैदा हो गया है। अटल जी के समय में बीजेपी सर्वसम्मति पर विश्वास करती थी लेकिन आज की सरकार कुचलने और जीतने में विश्वास करती है। अकादी दल, बीजेडी, शिवसेना पहले ही बीजेपी का साथ छोड़ चुकी है। आज बीजेपी के साथ कौन खड़ा है?’

सिन्हा ने कहा कि देश की लोकतंत्र खतरे में है और न्यायपालिका भी सरकार पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। ऐसे में सबको अब आगे आना होगा। वहीं उन्होंने कहा कि अब चुनाव आयोग भी निष्पक्ष संस्था नहीं रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *