टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम से बाहर होने पर एबी डिविलियर्स की राय: मोहम्मद सिराज रहे सबसे बदकिस्मत खिलाड़ी

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम में जगह न बना पाने वाले मोहम्मद सिराज को लेकर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने बड़ा बयान दिया है। डिविलियर्स का मानना है कि सिराज का बाहर होना उनकी काबिलियत या फॉर्म की वजह से नहीं, बल्कि टीम संतुलन के कारण हुआ है।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा कि भारतीय चयनकर्ताओं ने तेज गेंदबाजी आक्रमण चुनते समय लचीलापन और ऑलराउंड विकल्पों को प्राथमिकता दी। इसी वजह से सिराज जैसे शुद्ध तेज गेंदबाज को टीम से बाहर रहना पड़ा।
डिविलियर्स ने कहा,
“हम सिराज को वनडे टीम में देखते हैं, वह उन खिलाड़ियों में से हैं जो सबसे ज्यादा बदकिस्मत रहे। लेकिन यह फिर से टीम के संतुलन पर आकर रुकता है। आपके पास बुमराह और अर्शदीप हैं। हर्षित रन बना सकते हैं, इसलिए ये आपके तीन तेज गेंदबाज हो जाते हैं।”
उन्होंने भारत की टी20 रणनीति पर भी रोशनी डाली और संकेत दिया कि छोटे प्रारूप में अब सिर्फ तेज गेंदबाजी पर निर्भरता नहीं रही है।
“मुझे लगता है कि इसी वजह से हर्षित को चुना गया, क्योंकि सिराज केवल एक गेंदबाज हैं। टीम सीम गेंदबाजी पर ज्यादा फोकस नहीं करना चाहती। फोकस स्पिनरों पर है। अगर सीमर्स पावरप्ले में विकेट ले आते हैं, तो उसे बोनस की तरह देखा जाता है,” डिविलियर्स ने जोड़ा।
गौरतलब है कि सिराज ने आखिरी बार जुलाई 2024 में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। उनकी जगह हर्षित राणा को शामिल किया गया, जो गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकते हैं। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के साथ मिलकर यह संयोजन टीम प्रबंधन को ज्यादा संतुलित नजर आया।
हालांकि टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर होने के बावजूद सिराज भारत की सीमित ओवरों की योजनाओं में अब भी अहम हिस्सा बने हुए हैं। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उनकी वापसी इस बात का संकेत है कि चयनकर्ता उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिहाज से एक प्रमुख खिलाड़ी मानते हैं।
