पाकिस्तान के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पीसीबी में बवाल, अलीम डार ने राष्ट्रीय चयन समिति से इस्तीफा दिया

Pakistan's disappointing performance has led to uproar within the PCB, with Aleem Dar resigning from the national selection committee.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के निराशाजनक अभियान के बाद बड़ा झटका लगा है। दिग्गज अंपायर और पूर्व एलीट पैनल सदस्य अलीम डार ने राष्ट्रीय चयन समिति से इस्तीफा दे दिया है। 2024 में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से बतौर चयनकर्ता जुड़े दर ने कथित तौर पर समिति के भीतर चल रही खींचतान और हस्तक्षेप को अपने फैसले की मुख्य वजह बताया है।

पाकिस्तान की टीम ICC T20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 चरण से आगे नहीं बढ़ सकी। टीम को भारत के खिलाफ हाई-प्रोफाइल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, वहीं इंग्लैंड के खिलाफ भी निर्णायक मैच गंवाना पड़ा। खराब प्रदर्शन के बाद PCB ने खिलाड़ियों पर आर्थिक जुर्माना भी लगाया था, लेकिन डार का इस्तीफा इस बात का संकेत है कि समस्या सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं है।

इस्तीफे की बड़ी वजह क्या रही?

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डार की सबसे बड़ी आपत्ति वर्ल्ड कप टीम के अंतिम चयन को लेकर थी। उन्होंने कथित तौर पर सीनियर खिलाड़ियों बाबर आजम और शादाब खान को शामिल करने का विरोध किया था, यह कहते हुए कि हालिया प्रदर्शन चयन के योग्य नहीं था।

सूत्रों के अनुसार, डार ने मेरिट आधारित चयन की वकालत करते हुए अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज़ मोहम्मद रिजवान को नंबर छह पर स्पष्ट भूमिका देने का सुझाव दिया था। हालांकि, उनकी सिफारिशों को नजरअंदाज कर दिया गया और बाबर व शादाब को टीम में शामिल किया गया, जिनका प्रदर्शन टूर्नामेंट में औसत से कम रहा।

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि हेड कोच माइक हेसन का चयन प्रक्रिया में “असाधारण हस्तक्षेप” था। डार को महसूस हुआ कि अंतिम फैसलों में कोच का प्रभाव बढ़ता जा रहा है और उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है।

कहा जा रहा है कि डार इस बात से भी निराश थे कि कप्तान सलमान अली आग़ा या अन्य समिति सदस्यों ने इस स्थिति पर खुलकर सवाल नहीं उठाए। डार के इस्तीफे के बाद अब चयन समिति में आकिब जावेद, असद शफीक और डेटा एनालिस्ट उस्मान हाशमी बचे हैं। ऐसे में PCB के सामने चयन ढांचे में सुधार और आंतरिक मतभेदों को सुलझाने की बड़ी चुनौती है। अलीम डार का यह कदम पाकिस्तान क्रिकेट प्रशासन में गहराते आंतरिक संकट की ओर इशारा करता है, जो टीम के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *