अभिनेता अनुपम श्याम का लम्बी बीमारी से हुआ निधन

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: बैंडिट क्वीन, स्लमडॉग मिलेनियर, द वॉरियर, थ्रेड, शक्ति, ‘हल्ला बोल’, रक्तचरित, जय गंगा, दुश्मन, शक्ति, जिज्ञासा जैसी शानदार फिल्में और इन दिनों पॉपुलर टीवी शो मन की आवाज प्रतिज्ञा में ठाकुर सज्जन सिंह का किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता अनुपम श्याम का निधन हो गया। अनुपम 63 वर्ष के थे और बताया जा रहा है कि काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अनुपम का निधन मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण हुआ है। उनके निधन की खबर सुनकर टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के लोग सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त कर रहे है।

अनुपम श्याम कुछ समय से बीमार थे और पिछले साल तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें आईसीयू में भर्ती भी कराया गया था। उनका मुंबई स्थित लाइफ लाइन अस्पताल में किडनी का इलाज चल रहा था। वहीं, बीती रात उन्होंने करीब 8 बजे आखिरी सांस ली।

उनकी मौत की खबर सुनकर फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे है। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने उनके निधन पर एक इमोशनल ट्वीट किया। वो लिखते है, ‘बहुत दुख हुआ ये जानकर कि दिग्गज एक्टर अनुपम श्याम का मल्टीपल ऑर्गन फेलियर होने से निधन हो गया है। ये फिल्म और टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नुकसान है। श्रद्धांजलि।’

मन की आवाज प्रतिज्ञा में ठाकुर सज्जन सिंह के किरदार से अनुपम श्याम ने दर्शकों के दिल में एक खास जगह बना ली थी। उनके बोलने का तरीका और अंदाज लोगों को काफी पसन्द आता था। एक्टर ‘कृष्णा चली लंदन’ और ‘डोली अरमानों की’ जैसे सीरियल्स में नजर आए थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुपम श्याम के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्विट कर लिखा कि, सुप्रसिद्ध अभिनेता अनुपम श्याम ओझा जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा उनके शोक संतप्त परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

अनुपम श्याम का जन्म 20 सितंबर 1957 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हुआ था। उनकी स्कूली पढ़ाई प्रतापगढ़ में ही हुई थी। लखनऊ के भारतेन्दु नाट्य अकादमी से उन्होंने थिएटर की पढ़ाई की। इसके बाद दिल्ली के श्रीराम सेंटर रंगमंडल में काम किया। इसके बाद वह नेशनल स्कूल ऑफ ड्रॉमा से जुड़ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *