एक्ट्रेस-डांसर नोरा फतेही ने ट्रोल को दिया जवाब, “समझने और सुनने की क्षमता” कम है

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एक्ट्रेस-डांसर नोरा फतेही ने सोशल मीडिया पर मिल रही आलोचनाओं का जवाब दिया है। विश्व शांति की अपील करने के बाद ट्रोलिंग का सामना कर रहीं नोरा ने कहा कि आज के समय में लोगों में “समझने और सुनने की क्षमता” कम होती जा रही है।
दरअसल, ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच नोरा ने एक वीडियो जारी कर अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि वह भारत में हैं और सुरक्षित हैं। साथ ही, उन्होंने लोगों से अशांति के बजाय शांति और एकता को प्राथमिकता देने की अपील की थी।
हाल ही में इंस्टाग्राम स्टोरी पर होली की शुभकामनाएं देने के बाद नोरा ने ट्रोल्स को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि बहुत से लोग समझने और सुनने की क्षमता खो चुके हैं। स्कूल में हम कॉम्प्रिहेंशन स्किल्स, क्रिटिकल थिंकिंग और पढ़ने-समझने की क्षमता सीखते थे, लेकिन सोशल मीडिया के दौर में लोग बिना समझे प्रतिक्रिया दे देते हैं।”
नोरा ने स्पष्ट किया कि उनकी शांति की अपील किसी एक देश या समूह के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को सामान्य तौर पर शांति की बात से भी परेशानी होती है, तो उसे खुद पर विचार करना चाहिए।
“अगर मैं कहती हूं कि हम एक समाज के तौर पर लगातार संकटों से थक चुके हैं और हमें शांति चाहिए, और इससे किसी को दिक्कत होती है, तो नैतिक रूप से कुछ गलत है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि दुनिया भर में लगातार हो रही बड़ी घटनाओं और संघर्षों से लोग मानसिक रूप से थक चुके हैं। ऐसे समय में एकजुटता, करुणा और विश्वास की जरूरत है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में इजरायल और ईरान के बीच तनाव बढ़ा है, जिसमें अमेरिका की सैन्य भूमिका भी चर्चा में रही है। इस संघर्ष के कारण दुबई सहित कई शहरों में उड़ानों पर असर पड़ा और कई लोग प्रभावित हुए। नोरा ने कहा कि वह हमेशा विश्व शांति और एकता की वकालत करती रहेंगी। “कुछ भी मुझे डराने या चुप कराने वाला नहीं है,” उन्होंने अपने संदेश में कहा।
