AICGHSEA के विनीत कुमार चौहान बने स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार की डिपार्टमेंटल काउन्सिल के लीडर स्टाफ साइड
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: संयुक्त परामर्शदात्री तंत्र (JCM) के अंतर्गत गठित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की डिपार्टमेंटल काउन्सिल के Staff Side के Leader Staff Side एवं Secretary Staff Side का चुनाव दिनांक 01 जून 2026 को अखिल भारतीय CGHS कर्मचारी संघ (AICGHSEA) के केंद्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली में अत्यंत गरिमामय, लोकतांत्रिक एवं संगठनात्मक एकता के वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर मंत्रालय द्वारा नामित सभी 14 नवनियुक्त सदस्य उपस्थित रहे। जिसमें 13 साथी पधारे हुए थे तथा एक सदस्य से ऑनलाइन उनका समर्थन प्राप्त किया गया कार्यक्रम में पूर्व JCM Leader आदरणीय जयदेव जी सहित विभिन्न स्वास्थ्य संगठनों एवं शाखाओं के अनेक पदाधिकारियों और साथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में AICGHSEA की केंद्रीय कार्यकारिणी द्वारा सभी प्रतिभागियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। इसके उपरान्त उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से सत्य नारायण जी को प्रेजाडिंग ऑफिसर और AICGHSEA के राष्ट्रीय महासचिव श्री शशिकान्त शर्मा को चुनाव प्रक्रिया संचालित करने हेतु Assistant Presiding Officer नामित किया।
श्री सत्य नारायण जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई विधिवत चुनाव प्रक्रिया में सर्वसम्मति से: AICGHSEA के वरिष्ठ साथी श्री विनीत कुमार चौहान को Leader Staff Side, GMSD कर्मचारी संघ के वरिष्ठ प्रतिनिधि श्री दिलबाग सिंह को Secretary Staff Side, निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न होने के उपरान्त उपस्थित सभी साथियों ने दोनों नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
इस अवसर पर नवनियुक्त Leader Staff Side श्री विनीत कुमार चौहान ने देशभर से आए विभिन्न स्वास्थ्य संगठनों के प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आह्वान करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य केवल कर्मचारी हितों की औपचारिक पैरवी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश की स्वास्थ्य सेवाओं को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में निरंतर एवं प्रभावी प्रयास करना रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय एवं उससे संबद्ध संस्थानों में कार्यरत लाखों स्वास्थ्य कर्मियों को उनकी मूलभूत सुविधाएँ, कार्यस्थल सुरक्षा, पारदर्शी पदोन्नति के अवसर, सम्मानजनक पेंशन तथा सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हम सभी संगठनों और साथियों को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती और कर्मचारियों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा हमारा साझा उद्देश्य है, और इस दिशा में हम पूर्ण समर्पण एवं संघर्ष के साथ कार्य करेंगे।”
इस अवसर पर AICGHSEA के राष्ट्रीय महासचिव श्री शशिकान्त शर्मा ने दोनों नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि निदेशक CGHS के नकारात्मक एवं उदासीन रवैये के कारण कर्मचारी कल्याण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषय लंबे समय से लंबित पड़े हुए थे। किंतु अब जबकि AICGHSEA के प्रतिनिधि JCM में Leader Staff Side एवं सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए हैं, तो कर्मचारियों की आवाज केवल निदेशक CGHS तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्वास्थ्य सचिव से लेकर कैबिनेट सचिव स्तर तक प्रभावी रूप से उठाई जा सकेगी।
उन्होंने आगे कहा कि संघ अब निम्नलिखित गंभीर मुद्दों पर पूरी मजबूती एवं संगठित तरीके से संघर्ष करेगा:
- स्थानांतरण SOP का उल्लंघन
- ट्रांसफर प्रक्रिया में भ्रष्टाचार एवं पक्षपात
- विभिन्न शाखाओं के संघ नेतृत्व का उत्पीड़न
- AICGHSEA की विभिन्न शाखाओं के अध्यक्षों एवं महासचिवों को न्यायोचित सिटी मुख्यालय पोस्टिंग से वंचित करना
- लंबित Charter of Demand पर प्रशासनिक उदासीनता
उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारी हितों की उपेक्षा अब किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा JCM मंच का उपयोग करते हुए कर्मचारियों की जायज मांगों को सरकार के सर्वोच्च स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन संगठनात्मक एकता, कर्मचारी हितों की रक्षा तथा देश की स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों के अधिकारों को और अधिक सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
