लाइफस्टाइल

रामायण के संगीत पर हो रही आलोचना के बीच एआर रहमान ने तोड़ी चुप्पी, ‘मैंने अपना काम ईमानदारी से किया’

Amidst criticism surrounding the music for 'Ramayana', A.R. Rahman breaks his silence: "I have done my work with sincerity."चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: फिल्म रामायण के संगीत को लेकर ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान इन दिनों चर्चा में हैं। फिल्म के अब तक रिलीज हुए गानों को लेकर श्रोताओं की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने संगीत को लेकर निराशा जताई और कहा कि रहमान इस बड़े प्रोजेक्ट के साथ न्याय नहीं कर पाए। वहीं, ‘मंगल रंग’ की कव्वाली जैसी धुन और ‘रावण तांडव’ को लेकर भी सोशल मीडिया पर बहस देखने को मिली। हालांकि, बाद में कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने एआर रहमान से माफी भी मांगी। अब संगीतकार ने इन बदलती प्रतिक्रियाओं और आलोचनाओं पर अपनी बात रखी है।

आलोचनाओं पर क्या बोले एआर रहमान?

हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में एआर रहमान ने बताया कि वह अपने काम में इतने व्यस्त रहते हैं कि लोगों की प्रतिक्रियाओं पर लगातार नजर रखने का समय नहीं मिलता। उन्होंने कहा, “हम किसी भी काम पर काफी मेहनत करते हैं। उसमें छंटाई, नए विचार और बार-बार बदलाव की प्रक्रिया से गुजरते हैं। इसके बाद फीडबैक देखने के लिए ऊर्जा ही नहीं बचती। हम अपना काम सामने रख देते हैं, क्योंकि उसे पहले ही कई बार परखा जा चुका होता है।”

रहमान ने बताया कि उनका बेटा उन्हें सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाओं के बारे में जानकारी देता रहता है। उन्होंने कहा, “मेरा बेटा अक्सर बताता है कि कल लोगों ने क्या कहा था और अब वही लोग माफी मांग रहे हैं। मैं बस कहता हूं, ठीक है। मैंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है और उम्मीद करता हूं कि लोग इसे पसंद करेंगे और इसका जश्न मनाएंगे।”

‘रामायण’ का हिस्सा बनना बड़े सम्मान की बात

एआर रहमान ने रामायण में संगीत देने को अपने करियर का एक खास पड़ाव बताया। उनका मानना है कि कलाकारों को अपनी पुरानी सफलताओं को दोहराते रहने के बजाय नए प्रयोग करते रहना चाहिए। रॉकस्टार और स्लमडॉग मिलियनेयर जैसी फिल्मों के संगीत को मिली लोकप्रियता के बावजूद वह हमेशा एक ही शैली में काम नहीं करना चाहते।

संगीतकार ने कहा कि रामायण एक ऐसी महागाथा है, जिससे लगभग हर भारतीय परिचित है। इस फिल्म के गाने पांच अलग-अलग भाषाओं में तैयार किए गए हैं। उन्होंने इसे भारत और दुनिया के साथ एक बड़ी सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाने का अवसर बताया।

रहमान के मुताबिक, इस तरह की महागाथा का हिस्सा बनना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है, लेकिन इसके साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है।

हंस जिमर के साथ मिलकर तैयार किया संगीत

रामायण के संगीत को भव्य बनाने के लिए एआर रहमान ने हॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार हंस जिमर के साथ हाथ मिलाया है। जिमर इंटरस्टेलर, इंसेप्शन और पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन जैसी फिल्मों के संगीत के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। ऐसे में दोनों संगीतकारों का साथ आना फिल्म के संगीत को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाता है।

रामायण में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी सीता और यश रावण का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की अन्य प्रमुख भूमिकाओं में अनुपम खेर, सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय भी शामिल हैं।

फिल्म की कहानी, भव्य प्रस्तुति और संगीत को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी चर्चा है। अब देखना होगा कि रिलीज के बाद एआर रहमान और हंस जिमर का संगीत दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *