अमित शाह ने कहा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह बनेगा भारत की सामरिक व आर्थिक शक्ति का केंद्र

Amit Shah said that the Andaman and Nicobar Islands will become a center of India's strategic and economic powerचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को श्री विजयपुरम में अंडमान-निकोबार संघ शासित प्रदेश सरकार की ₹373 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह अब केवल ऐतिहासिक धरोहर नहीं, बल्कि भारत की संप्रभुता, समुद्री शक्ति और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है।

कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बंडी संजय कुमार, अंडमान-निकोबार के प्रशासक एडमिरल (सेवानिवृत्त) डी. के. जोशी, केन्द्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान अमित शाह ने तीन नए आपराधिक कानूनों पर आधारित एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।

सेलुलर जेल और स्वतंत्रता संग्राम को किया नमन

अपने संबोधन में गृह मंत्री ने कहा कि सेलुलर जेल वह भूमि है, जहां स्वतंत्रता सेनानियों ने पीड़ा को शक्ति और यातना को आज़ादी के संकल्प में बदला। उन्होंने कहा कि जेल परिसर में स्थापित वीर सावरकर का स्मारक और प्रज्ज्वलित मशाल पूरी दुनिया को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के त्याग और बलिदान की कहानी सुनाती है।

उन्होंने याद दिलाया कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने यहीं पहली बार आज़ाद भारत का तिरंगा फहराया था और उनके सम्मान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्वीपों के नाम ‘शहीद’ और ‘स्वराज’ रखे। शाह ने कहा कि अंडमान-निकोबार हर भारतीय के लिए एक तीर्थभूमि है।

  • ₹373 करोड़ की परियोजनाओं से विकास को नई गति
  • अमित शाह ने बताया कि एक ही दिन में नौ बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और दो का शिलान्यास किया गया। इनमें शामिल हैं—
  • ₹229 करोड़ की लागत से एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र
  • ₹33 करोड़ की लागत से जिला अस्पताल (चरण-1)
  • फॉरेंसिक साइंस लैब
  • ₹50 करोड़ की लागत वाली छह अन्य विकास योजनाएं

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से द्वीप समूह के विकास का नया अध्याय शुरू हो रहा है।

ग्रेट निकोबार और पर्यटन पर जोर

गृह मंत्री ने कहा कि ग्रेट निकोबार परियोजना अंडमान-निकोबार को वैश्विक कार्गो हब, प्रमुख पर्यटन केंद्र और भारत की सामरिक सुरक्षा का अहम स्तंभ बनाएगी। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार द्वीप समूह को अंतरराष्ट्रीय स्कूबा डाइविंग और एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 24 लाख पेड़ों का रोपण किया गया है और विरासत की रक्षा के साथ विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है।

स्वच्छ भारत और आत्मनिर्भर भारत का संदेश

अमित शाह ने श्री विजयपुरम नगर पालिका परिषद द्वारा 98% घरों से कचरा संग्रहण को स्वच्छ भारत मिशन की ऐतिहासिक सफलता बताया। उन्होंने कहा कि जहां पिछली सरकारें अंडमान-निकोबार को बोझ मानती थीं, वहीं मोदी सरकार में यह देश के खजाने में योगदान देने वाला क्षेत्र बन रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की 11वीं से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आने वाले वर्षों में तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। अंत में उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का आह्वान करते हुए कहा कि आज़ादी की शताब्दी तक भारत को हर क्षेत्र में विश्व में प्रथम बनाना ही सरकार का लक्ष्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *