एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी: दूसरे टेस्ट से आराम पर जा सकते हैं जसप्रीत बुमराह

Anderson-Tendulkar Trophy: Jasprit Bumrah may be rested from the second Testचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली:  भारत के स्टार तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत खेले जा रहे पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ के दूसरे टेस्ट से आराम दिया जा सकता है। यह मुकाबला 2 जुलाई से एजबेस्टन, बर्मिंघम में खेला जाएगा। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह को उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए आराम दिया जा सकता है और वह तीसरे टेस्ट में वापसी कर सकते हैं।

बुमराह ने पहले टेस्ट में लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर भारत की पहली पारी में शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 5 विकेट झटके थे, जिससे भारत को पहली पारी में 6 रनों की मामूली बढ़त मिली थी। हालांकि, दूसरी पारी में वह विकेट नहीं ले सके और इंग्लैंड ने 371 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य हासिल कर मैच पांच विकेट से जीत लिया।

पहले ही तय था कि बुमराह खेलेंगे चार टेस्ट

टीम चयन के समय यह साफ कर दिया गया था कि बुमराह केवल चार टेस्ट मैच खेलेंगे ताकि उनके वर्कलोड को नियंत्रित किया जा सके। कप्तान शुभमन गिल और मुख्य कोच गौतम गंभीर दोनों ने कहा था कि बुमराह किन चार टेस्ट में खेलेंगे, इसका फैसला बाद में किया जाएगा। ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, अब यह तय माना जा रहा है कि बुमराह दूसरा टेस्ट मिस करेंगे।

बुमराह की गैरमौजूदगी भारतीय गेंदबाज़ी पर असर डाल सकती है

बुमराह इस समय ICC गेंदबाज़ी रैंकिंग में शीर्ष पर हैं और उन्हें दुनिया का सबसे बेहतरीन तेज़ गेंदबाज़ माना जाता है। उनकी अनुपस्थिति में भारत की गेंदबाज़ी इकाई कमजोर दिख सकती है, क्योंकि प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद सिराज पहले टेस्ट में लगातार लाइन और लेंथ बनाए रखने में विफल रहे और इंग्लिश बल्लेबाज़ों को रन आसानी से मिलते गए।

इंग्लैंड को जॉफ्रा आर्चर की वापसी से मिला बूस्ट

जहां भारत बुमराह को आराम दे रहा है, वहीं इंग्लैंड को उनके प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ जॉफ्रा आर्चर की वापसी के रूप में बड़ा फायदा मिला है। आर्चर को दूसरी टेस्ट टीम में शामिल कर लिया गया है। फरवरी 2021 के बाद से आर्चर ने किसी टेस्ट मैच में भाग नहीं लिया था, क्योंकि उन्हें एल्बो इंजरी और पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

हाल ही में आर्चर ने काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स की ओर से डरहम के खिलाफ रेड-बॉल क्रिकेट में वापसी की, जहाँ उन्होंने 18 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट लिया।

अब देखना यह होगा कि पहले टेस्ट में सात विकेट लेने वाले जोश टंग और चार विकेट लेने वाले ब्रायडन कार्स में से किसे बाहर बैठना पड़ेगा ताकि आर्चर को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सके। सैम कुक, जैमी ओवरटन और जैकब बेतल टीम में बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *