कीर्ति आजाद विवाद पर ईशान किशन का शांत जवाब, ‘वर्ल्ड कप पर सवाल पूछिए’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद जश्न में शामिल होने के लिए मंगलवार को पटना पहुंचे। वह जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्टपर उतरे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।
मीडिया से बातचीत के दौरान एक पत्रकार ने पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद के उस बयान पर सवाल पूछा, जिसमें उन्होंने वर्ल्ड कप ट्रॉफी को मंदिर ले जाने को लेकर टिप्पणी की थी। इस मुद्दे पर सोशल मीडिया और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच काफी बहस भी छिड़ गई है।
हालांकि, ईशान किशन ने इस विवाद में पड़ने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने शांत अंदाज में पत्रकार से कहा कि इस समय टीम की ऐतिहासिक जीत और वर्ल्ड कप के अनुभव पर सवाल पूछे जाने चाहिए।
ईशान किशन ने कहा, “मैं अभी इतना शानदार वर्ल्ड कप जीतकर आया हूं — कृपया अच्छे सवाल पूछिए। किर्ती आजाद ने क्या कहा, उस पर मैं क्या कह सकता हूं? आप पूछिए कि कैसा लग रहा है और हमने कितना मजा किया।”
दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव , टीम के मुख्य कोच कोच गौतम गंभीर और जय शाह वर्ल्ड कप जीत के बाद अहमदाबाद के एक हनुमान मंदिर में ट्रॉफी के साथ पहुंचे थे। इस पर कीर्ति आजाद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वर्ल्ड कप की जीत “1.4 अरब भारतीयों की उपलब्धि है, चाहे उनका धर्म कोई भी हो।” उन्होंने कहा कि खेल पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है, किसी एक धर्म का नहीं।
फिलहाल, ईशान किशन ने इस पूरे विवाद से दूरी बनाते हुए टीम की उपलब्धि और वर्ल्ड कप जीत की खुशी पर ही ध्यान केंद्रित किया है।
