बार्बी फरेरा ने बताया ‘यूफोरिया’ छोड़ने का कारण

Barbie Ferreira explains why she exited ‘Euphoria’चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: हॉलीवुड अभिनेत्री बार्बी फरेरा ने लोकप्रिय वेब सीरीज़ यूफोरिया को छोड़ने के पीछे की असली वजह का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनका यह फैसला किसी विवाद के कारण नहीं, बल्कि अपने किरदार की दिशा और रचनात्मक संतुष्टि को लेकर लिया गया था।

29 वर्षीय अभिनेत्री ने हाल ही में Not Skinny But Not Fat पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कहा कि शो छोड़ने का निर्णय “ड्रामेटिक” नहीं था, बल्कि एक लंबी प्रक्रिया का हिस्सा था। उन्होंने बताया कि वह अपने किरदार ‘कैट’ को और बेहतर और गहराई से विकसित होते देखना चाहती थीं, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पा रहा था।

फरेइरा ने कहा, “हमने कई बार कोशिश की कि कैट के किरदार को और मजबूत बनाया जाए, लेकिन हम किसी ठोस दिशा पर नहीं पहुंच सके। ऐसे में मुझे लगा कि यह मेरे लिए सही नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा कि वह सिर्फ किसी बड़े शो का हिस्सा बनने के लिए काम नहीं करना चाहतीं, अगर उन्हें अभिनय करने का मौका ही न मिले। “मैं इंडी फिल्मों में काम करना पसंद करूंगी, जहां मुझे अपने अभिनय को दिखाने और कुछ नया करने का अवसर मिले, बजाय इसके कि मैं सिर्फ बैकग्राउंड किरदार बनकर रह जाऊं,” उन्होंने कहा।

अभिनेत्री ने यह भी बताया कि यह फैसला लेना आसान नहीं था और उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद ही शो को अलविदा कहा। उनका मानना है कि एक कलाकार के रूप में उन्हें अपने करियर को अलग दिशा में ले जाना चाहिए।

गौरतलब है कि बार्बी फरेरा ने अगस्त 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए अपने फैंस को यूफोरिया छोड़ने की जानकारी दी थी। उन्होंने इस शो में 2019 और 2022 में आए दो सीजन में ‘कैट’ का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *