लाइफस्टाइल

Bigg Boss 20: टास्क के दौरान माही विज के बच्चों पर की गईं आपत्तिजनक टिप्पणियां, जय भानुशाली की कड़ी प्रतिक्रिया

Bigg Boss 20: Objectionable remarks made about Mahhi Vij’s children during a task; Jay Bhanushali reacts stronglyचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों लगातार विवाद देखने को मिल रहे हैं। शो की प्रतियोगी और टीवी एक्ट्रेस माही विज पिछले कुछ हफ्तों से भावुक नजर आ रही हैं। कभी गेस्ट होस्ट रोहित शेट्टी की टिप्पणियां तो कभी घर के सदस्यों के साथ विवाद, माही के लिए मुश्किलें बढ़ाते जा रहे हैं। वहीं, ताजा एपिसोड में लव गिल और अमरपाली दुबे के साथ ‘होमब्रेकर’ टिप्पणी को लेकर हुए विवाद के बाद माही भावुक हो गईं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि उनके निजी जीवन और जय भानुशाली से तलाक के मुद्दे को शो में न घसीटा जाए।

कैप्टेंसी टास्क में माही के बच्चों को बनाया निशाना

दरअसल, हालिया कैप्टेंसी टास्क के दौरान घरवालों को रोबोट की कुर्सी पर बैठे प्रतियोगी को रुलाने का टास्क दिया गया था। इस दौरान यंग डीएसए, कनिका मान, उदिति सिंह और गुल्लू ने माही को भावनात्मक रूप से कमजोर करने के लिए उनके बच्चों का जिक्र किया।

रैपर यंग डीएसए ने कहा कि जब उनकी बेटी तारा बड़ी होगी, तो उसे अपनी मां के स्वार्थी व्यवहार पर शर्म आएगी। वहीं, कनिका मान ने माही पर बच्चों का इस्तेमाल सहानुभूति पाने के लिए करने का आरोप लगाया। उन्होंने तारा के ऑडियो मैसेज की नकल भी की। उदिति सिंह ने भी सवाल उठाया कि माही अपनी सात साल की बेटी को क्या सिखा रही हैं।

हालांकि, इन टिप्पणियों के बावजूद माही ने टास्क के दौरान खुद को संभाले रखा और उनकी आंखों में आंसू नहीं आए। टास्क खत्म होने के बाद उन्होंने कहा कि वह भावुक नहीं, बल्कि गुस्से में थीं। साथ ही उन्होंने घरवालों को जवाब देने की बात भी कही।

माही की टीम ने जताई नाराजगी

इस पूरे मामले पर माही विज की टीम ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। टीम की ओर से कहा गया कि किसी प्रतियोगी के गेम और उसके विचारों पर सवाल उठाना अलग बात है, लेकिन उसके बच्चों और निजी जिंदगी को विवाद में शामिल करना बिल्कुल गलत है।

टीम ने लिखा, “इस गेम में मेरे बच्चों को शामिल करना और मेरी निजी जिंदगी को बीच में लाना बिल्कुल उचित नहीं है। आप मेरे गेम पर सवाल उठा सकते हैं, मेरी राय से असहमत हो सकते हैं और मेरे साथ मुकाबला कर सकते हैं, लेकिन मेरे बच्चों को इसमें घसीटना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। गेम चाहे जो भी हो, कुछ सीमाएं कभी पार नहीं की जानी चाहिए।”

जय भानुशाली ने भी दी कड़ी प्रतिक्रिया

माही के बच्चों को लेकर की गई टिप्पणियों पर उनके पूर्व पति जय भानुशाली ने भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि अब वह अपने बच्चों को ‘बिग बॉस 20’ नहीं देखने देंगे।

जय ने यंग डीएसए, कनिका मान और लव गिल की मां की टिप्पणियों पर आपत्ति जताई। उन्होंने खास तौर पर अपनी सात साल की बेटी तारा का जिक्र करते हुए कहा कि वह अभी बहुत छोटी है और बिग बॉस की प्रतियोगी नहीं है।

जय ने अपने पोस्ट में लिखा, “सिर्फ एक टास्क के लिए यंग डीएसए का यह कहना कि बड़े होने पर तारा को अपनी मां के व्यवहार पर शर्म आएगी, कनिका का यह कहना कि वह माही के बच्चों से कभी मिलना नहीं चाहेंगी और लव गिल की मां का मेरी बेटी को बातचीत में शामिल करना बेहद गलत है। तारा महज सात साल की बच्ची है। वह बिग बॉस की प्रतियोगी नहीं है। किसी को नीचा दिखाने के लिए बच्चे को बीच में लाना बिल्कुल बेतुकी बात है।”

निजी जिंदगी को लेकर पहले भी हो चुका है विवाद

गौरतलब है कि माही विज और जय भानुशाली की निजी जिंदगी पिछले कुछ समय से चर्चा में रही है। शो में माही और लव गिल के बीच ‘होमब्रेकर’ टिप्पणी को लेकर भी विवाद हुआ था। इसके बाद माही ने साफ किया था कि घर के सदस्यों को उनके निजी रिश्तों और तलाक से जुड़े मामलों को शो के गेम का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए।

अब बच्चों को लेकर हुई टिप्पणियों के बाद यह विवाद और बढ़ गया है। देखना होगा कि आने वाले एपिसोड में सलमान खान इस पूरे मामले पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और घर के सदस्यों के बीच रिश्तों का समीकरण किस तरह बदलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *