Bigg Boss 20: स्काउटओपी की मां ने शो के मेकर्स पर लगाए गंभीर आरोप, बोलीं- ‘मेरे बेटे के साथ कितनी और मानसिक प्रताड़ना होगी?’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: रियलिटी शो Bigg Boss 20 में इन दिनों तन्मय सिंह उर्फ स्काउटओपी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब इस मामले में उनकी मां भी खुलकर सामने आई हैं। उन्होंने शो के प्रमोशनल वीडियो में की जा रही एडिटिंग पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि उनके बेटे की छवि को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। स्काउट की मां ने दर्शकों से अपील की है कि वे केवल छोटे-छोटे प्रोमो देखकर उनके बेटे के बारे में कोई राय न बनाएं, बल्कि पूरा एपिसोड देखने के बाद ही फैसला करें।
स्काउट के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए एक भावुक वीडियो में उनकी मां ने अपनी बात रखी। उन्होंने शो के होस्ट सलमान खान का उदाहरण देते हुए कहा कि जब पहले सलमान खान का एक एडिटेड प्रोमो सामने आया था, तब उन्हें खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी थी कि अधूरे प्रोमो से लोगों के मन में गलत धारणा बन सकती है। उनकी मां का कहना है कि आज उनके बेटे के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है, जिसे देखकर उन्हें बेहद तकलीफ होती है।
प्रोमो में चुनिंदा एडिटिंग का लगाया आरोप
स्काउट की मां ने आरोप लगाया कि शो में उनके बेटे की बातों को बार-बार अधूरा दिखाया जा रहा है। कभी पुराने वीडियो को जूम करके दिखाया जाता है, तो कभी बातचीत को बीच में काट दिया जाता है। इतना ही नहीं, अलग-अलग मौकों के वीडियो को जोड़कर ऐसी कहानी बनाई जा रही है, जो पूरी सच्चाई से बिल्कुल अलग है।
उन्होंने कहा कि स्काउट की शो के बाहर भी अपनी जिंदगी, करियर और रिश्ते हैं। शो खत्म होने के बाद उसे दोबारा अपने काम और लोगों के बीच जाना है। ऐसे में बार-बार एक ही मुद्दे को अलग-अलग तरीके से दिखाना उसके लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
अपने बेटे की मानसिक स्थिति पर चिंता जाहिर करते हुए स्काउट की मां भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि एक मां के लिए अपने बेटे को इस तरह मानसिक दबाव से गुजरते देखना बेहद मुश्किल है। उनका कहना है कि स्काउट पहले ही कई बार अपनी तकलीफ जाहिर कर चुका है और काफी दबाव में है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक इंसान को और कितना मानसिक रूप से परेशान किया जाएगा? स्काउट की मां ने साफ किया कि वह अपने बेटे के लिए किसी तरह की विशेष सुविधा या स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं मांग रही हैं। उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि उनके बेटे की बातों को पूरे संदर्भ के साथ दिखाया जाए, न कि उन्हें बीच से काटकर पेश किया जाए। उन्होंने दर्शकों से भी अपील की कि वे भ्रामक प्रोमो के आधार पर तन्मय को जज न करें।
माइक ठीक करने और टास्क के वीडियो पर भी उठाए सवाल
स्काउट की मां ने सोशल मीडिया पोस्ट में कुछ उदाहरण देते हुए कहा कि कई बार सामान्य गतिविधियों को भी गलत तरीके से पेश किया जाता है। उनके मुताबिक, माइक ठीक करने जैसी सामान्य हरकत को गुस्से के रूप में दिखाया जाता है, जबकि टास्क के दौरान पेड़ पर चढ़ने जैसी गतिविधि को किसी दूसरी कहानी से जोड़ दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि जब पूरा एपिसोड प्रसारित होता है, तो कई बार सच्चाई प्रोमो में दिखाई गई बातों से बिल्कुल अलग होती है।
आखिर में उन्होंने दर्शकों से एक बार फिर अपील करते हुए लिखा, “कृपया तन्मय को इन भ्रामक प्रोमो के आधार पर जज न करें। पूरा एपिसोड देखने के बाद ही अपनी राय बनाएं।”
अब देखना दिलचस्प होगा कि स्काउट की मां के इन आरोपों पर Bigg Boss के मेकर्स या शो की टीम की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं।
