क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने छोड़ा पुर्तगाल का कैंप, कोच जॉर्ज जीसस से विवाद के बाद मचा बवाल
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पुर्तगाल की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कोच जॉर्ज जीसस के साथ कथित मतभेद के बाद टीम का ट्रेनिंग कैंप छोड़ दिया। रोनाल्डो ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष पेड्रो प्रोएन्सा से बातचीत के बाद उन्होंने कैंप छोड़ने का फैसला किया।
रोनाल्डो ने यह भी कहा कि वह सही समय आने पर पुर्तगाल के लोगों को अपने इस फैसले के पीछे की “पूरी सच्चाई” बताएंगे। उनके इस बयान के बाद पुर्तगाली फुटबॉल में हलचल तेज हो गई है और उनके अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर रोनाल्डो ने क्या कहा?
रोनाल्डो ने लिखा कि राष्ट्रीय टीम के कोच की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद और पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष से बातचीत करने के बाद उन्होंने टीम कैंप छोड़ने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि उचित समय आने पर वह पुर्तगाल के लोगों को बताएंगे कि किन कारणों से उन्हें राष्ट्रीय टीम छोड़ने का फैसला लेना पड़ा। साथ ही उन्होंने पुर्तगाल और अपने सभी साथियों को आगे के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।
उनका यह संदेश ऐसे समय आया है जब टीम के भीतर उनके रोल और कोच जॉर्ज जीसस के साथ उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज थीं।
पुर्तगाली मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत UEFA Nations League में नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले से हुई। इससे कुछ दिन पहले वेल्स के खिलाफ मैच में खेलने के बाद रोनाल्डो को नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले में शुरुआती एकादश में जगह नहीं मिली और वह बेंच पर बैठे रहे। दूसरे हाफ में उन्होंने वार्म-अप भी किया, लेकिन मैच की परिस्थितियां बदलने के बाद कोच ने उन्हें मैदान पर उतारने का फैसला नहीं किया। गोंसालो रामोस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्णायक गोल किया और पुर्तगाल ने मुकाबला 2-1 से जीत लिया।
रोनाल्डो पूरे 90 मिनट बेंच पर रहे। मैच खत्म होने के बाद वह अपने साथियों के साथ प्रशंसकों का अभिवादन करने के बजाय सीधे सुरंग की ओर चले गए। इस घटना को लेकर भी मीडिया में काफी चर्चा हुई।
रोनाल्डो को मैदान पर नहीं उतारने के फैसले को लेकर जब कोच जॉर्ज जीसस से सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम में किसी खिलाड़ी का चयन उसके मौजूदा प्रदर्शन के आधार पर होगा।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी का अतीत मायने नहीं रखता और क्रिस्टियानो भी टीम के बाकी खिलाड़ियों की तरह हैं—अगर वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे तो खेलेंगे और अगर प्रदर्शन अच्छा नहीं होगा तो नहीं खेलेंगे। इस बयान को रोनाल्डो के लिए स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा गया।
ट्रेनिंग को लेकर भी उठे सवाल
रिपोर्टों के अनुसार, रोनाल्डो ने सामान्य टीम ट्रेनिंग के बजाय जिम में अपना अभ्यास किया। इससे दोनों के बीच मतभेद की अटकलें और तेज हो गईं। हालांकि, जॉर्ज जीसस ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा कि रोनाल्डो ने ट्रेनिंग करने से इनकार नहीं या था। उन्होंने कहा कि रोनाल्डो ट्रेनिंग करेंगे और यह कहना कि उन्होंने अभ्यास से मना कर दिया, सही नहीं है।
बढ़ती चर्चाओं के बीच पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष पेड्रो प्रोएन्सा स्कैंडिनेविया पहुंचे। उन्होंने रोनाल्डो और जॉर्ज जीसस दोनों से आमने-सामने बातचीत की।
बातचीत के बाद जॉर्ज जीसस ने विवाद को ज्यादा गंभीर नहीं बताया। उनका कहना था कि पुर्तगाल में इस मुद्दे को लेकर इतनी चर्चा हो रही थी कि उन्हें रोनाल्डो से बात करनी पड़ी, जबकि उनके मुताबिक वास्तव में कोई बड़ा विवाद था ही नहीं।
लेकिन इसके साथ ही उन्होंने टीम चयन को लेकर अपनी स्थिति बेहद स्पष्ट कर दी।
“मैं कोच हूं, फैसला मेरा होगा”
आगामी मुकाबले में रोनाल्डो के इस्तेमाल को लेकर पूछे गए सवाल पर जॉर्ज जीसस ने कहा कि अंतिम फैसला उनका होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह जरूरत के हिसाब से किसी खिलाड़ी को बेंच पर रख सकते हैं और मैच के दौरान जरूरत पड़ने पर मैदान पर उतार सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी खिलाड़ी, यहां तक कि रोनाल्डो भी, उन्हें अपना फैसला बदलने के लिए मजबूर नहीं कर सकता। जॉर्ज जीसस ने यह भी कहा कि लंबे समय तक वार्म-अप करने के बाद मैदान पर खेलने का मौका न मिलने से कोई भी खिलाड़ी निराश हो सकता है—और रोनाल्डो के मामले में भी यही हुआ।
इसके बाद रोनाल्डो ने छोड़ा कैंप
मीडिया में चल रही अटकलों के बीच रोनाल्डो ने अचानक राष्ट्रीय टीम का ट्रेनिंग कैंप छोड़ने का फैसला कर लिया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना बयान जारी किया और कहा कि वह सही समय आने पर इस पूरे मामले की सच्चाई पुर्तगाल के लोगों के सामने रखेंगे।
उनके इस बयान ने विवाद को और गहरा कर दिया है। रोनाल्डो के कैंप छोड़ने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल उनके पुर्तगाल के लिए भविष्य को लेकर उठ रहा है।
