BRICS शिखर सम्मेलन के बीच भारत की पहल पर ईरान-UAE की अहम मुलाकात

Crucial meeting between Iran and the UAE at India's initiative amidst the BRICS summit.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच भारत की अध्यक्षता में हो रहे BRICS शिखर सम्मेलन से इतर ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE)के बीच उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक हुई। शनिवार को नई दिल्ली में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अबू धाबी के क्राउन प्रिंस खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, ये बैठक भारत की पहल के बाद हुई है, हालांकि इसकी पुष्टि ना तो भारत ने की है और ना ही ईरान और UAE ने।

ईरानी दूतावास ने बैठक की पुष्टि करते हुए दोनों नेताओं की साथ में तस्वीर भी जारी की। इसे क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ईरान और UAE के बीच महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय संपर्क के तौर पर देखा जा रहा है।

भारत में हुई अहम कूटनीतिक मुलाकात

ईरान और UAE के बीच यह बैठक ऐसे समय हुई है जब मध्य पूर्व में संघर्ष लगातार गहरा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक,क्षेत्र में अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई तथा उसके जवाब में ईरान की ओर से खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर किए गए हमलों के बाद तनाव बढ़ गया है।

इस बैठक को संघर्ष के बीच संवाद और संयम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भारत ने BRICS की अध्यक्षता के दौरान लगातार बातचीत, तनाव कम करने और अधिकतम संयम बरतने पर जोर दिया है।

ईरान और UAE दोनों ही BRICS के सदस्य हैं। दोनों देशों ने अन्य BRICS सदस्यों के साथ मिलकर मध्य पूर्व में अधिकतम संयम बरतने की अपील करने वाली घोषणा का समर्थन किया है।

भारत के लिए यह स्थिति खास तौर पर महत्वपूर्ण है, क्योंकि नई दिल्ली के ईरान और UAE दोनों के साथ मजबूत संबंध हैं। इसके साथ ही भारत अमेरिका के साथ अपने रणनीतिक रिश्तों और इजरायल के साथ संबंधों को भी बनाए रखने की कोशिश कर रहा है।

ईरान ने UAE और कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर हमले का दावा किया

इस बीच, गुरुवार को ईरानी सेना ने दावा किया कि उसने कुवैत स्थित अहमद अल-जबर एयर बेस और UAE स्थित अल मिनहाद एयर बेस पर अमेरिकी सैन्य ढांचे को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया।

ईरानी सेना के मुताबिक, कुवैत में अमेरिकी बेस पर सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम, उपकरण भंडार और लड़ाकू विमानों के हैंगर को निशाना बनाया गया। UAE के अल मिनहाद एयर बेस पर मौजूद अमेरिकी सैन्य बलों और रडार प्रणालियों को भी हमले का लक्ष्य बनाने का दावा किया गया।

UAE के सामने बढ़ी कूटनीतिक चुनौती

मध्य पूर्व के संघर्ष ने UAE के लिए भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। UAE एक ओर BRICS में ईरान और सऊदी अरब के साथ शामिल है, जबकि दूसरी ओर क्षेत्रीय संघर्ष को लेकर तीनों देशों के रुख अलग-अलग हैं।

ऐसे माहौल में नई दिल्ली में ईरानी राष्ट्रपति और UAE के शीर्ष नेतृत्व के बीच हुई बातचीत को क्षेत्रीय तनाव के बीच कूटनीतिक संवाद बनाए रखने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *