डॉन 3 विवाद: रणवीर सिंह के समर्थन में उतरी सिंटा की उपाध्यक्ष पद्मिनी कोल्हापुरे, ‘हम हमेशा उनके साथ हैं’

Don 3 Controversy: CINTAA Vice President Padmini Kolhapure Comes Out in Support of Ranveer Singh—‘We Are Always With Him’चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: फिल्म डॉन 3 से अचानक बाहर होने के बाद अभिनेता रणवीर सिंह और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) की उपाध्यक्ष और वरिष्ठ अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे ने रणवीर सिंह के समर्थन में खुलकर बयान दिया है।

एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में पद्मिनी कोल्हापुरे ने कहा, “सिंटा को रणवीर सिंह जैसे सदस्य पर गर्व है। हम उनके साथ हैं और जब भी उन्हें हमारी जरूरत होगी, हम उनके लिए खड़े रहेंगे। यह मामला पहले से ही सार्वजनिक है, इसलिए मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहती।”

रणवीर सिंह के खिलाफ गैर-सहयोग निर्देश

सोमवार को एफडब्ल्यूआईसीई ने रणवीर सिंह के खिलाफ गैर-सहयोग निर्देश जारी किया था। यह फैसला फिल्म निर्माता फरहान अख्तर द्वारा की गई शिकायत के बाद लिया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रणवीर सिंह ने शूटिंग शुरू होने से महज तीन सप्ताह पहले डॉन 3 छोड़ दी, जिससे फिल्म को भारी नुकसान हुआ।

एफडब्ल्यूआईसीई के मुख्य सलाहकार और इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फरहान अख्तर ने 11 अप्रैल को औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने कहा कि फिल्म की यूनिट रवाना होने से ठीक पहले अभिनेता के हटने से परियोजना को गंभीर झटका लगा। मामले की सुनवाई के दौरान निर्माता रितेश सिधवानी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए, जबकि फरहान अख्तर लंदन से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

अशोक पंडित के अनुसार, एफडब्ल्यूआईसीई ने रणवीर सिंह को तीन बार नोटिस भेजा, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

रणवीर सिंह की प्रतिक्रिया

विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह के आधिकारिक प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि अभिनेता फिल्म जगत और डॉन फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों का सम्मान करते हैं। बयान में कहा गया, “रणवीर सिंह ने पूरे विवाद के दौरान चुप्पी बनाए रखी क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर और व्यक्तिगत मामलों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ संभाला जाना चाहिए।”

प्रवक्ता ने आगे कहा कि अभिनेता का ध्यान अपने काम और आगामी परियोजनाओं पर केंद्रित है तथा वे डॉन फ्रेंचाइजी की सफलता की कामना करते हैं।

45 करोड़ रुपये का निवेश बना विवाद का केंद्र

सूत्रों के अनुसार, फरहान अख्तर की मुख्य चिंता फिल्म में लगाए गए लगभग 45 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर है। बताया जा रहा है कि यह राशि पूरी तरह ऑडिटेड और दस्तावेजों में दर्ज है। फिलहाल फरहान अख्तर, रणवीर सिंह, रितेश सिधवानी और संबंधित फिल्म संगठनों के बीच बातचीत की संभावना बनी हुई है। सभी पक्ष इस विवाद को आपसी सहमति से सुलझाकर फिल्म को दोबारा शुरू करने के पक्ष में बताए जा रहे हैं। डॉन 3 विवाद अब फिल्म उद्योग में जवाबदेही, अनुबंधों के पालन और फिल्म संगठनों की भूमिका को लेकर बड़ी बहस का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *