खिताब के बीच आर्थिक दबाव: लेवांडोव्स्की का खुलासा, ‘बार्सिलोना ने बोनस से बचने के लिए गोल न करने को कहा’

Financial pressure amid title race: Lewandowski reveals, 'Barcelona asked me not to score goals to avoid paying bonuses'चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: एफसी बार्सिलोना के स्टार स्ट्राइकर रॉबर्ट लेवांडोव्स्की ने पिछले सीज़न के ला लीगा खिताबी अभियान से जुड़ा एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि क्लब ने उनसे सीज़न के अंतिम चरण में गोल न करने का अनुरोध किया था, ताकि उनके ट्रांसफर समझौते से जुड़े एक बोनस भुगतान से बचा जा सके।

पोलैंड के पत्रकार बोगदान रिमानोव्स्की से बातचीत में लेवांडोव्स्की ने स्वीकार किया कि यह फैसला खेल कारणों से नहीं, बल्कि क्लब की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर लिया गया था। खिताब पहले ही पक्का हो चुका था, ऐसे में अंतिम मैचों में वित्तीय गणनाएं ज्यादा अहम हो गई थीं।

लेवांडोव्स्की ने कहा, “कुछ बातें हैं जिन पर मैं ज्यादा बोलना नहीं चाहता। मैं बार्सिलोना और वहां काम करने वाले लोगों का सम्मान करता हूं। मुझे क्लब की स्थिति का अंदाजा था और कई मुद्दे थे जिन्हें क्लब के हित में सुलझाना जरूरी था।”

उन्होंने आगे कहा, “संक्षेप में कहूं तो यह एक बोनस से जुड़ा मामला था। उस वक्त बार्सिलोना हर एक यूरो बचाने की कोशिश कर रहा था। यह छोटी रकम नहीं थी। मुझे इससे कोई समस्या नहीं थी, लेकिन यह बात मेरे दिमाग में जरूर रही कि गोल करना चाहिए या नहीं।”

लेवांडोव्स्की ने ला लीगा सीज़न में 23 गोल किए थे। उनके ट्रांसफर कॉन्ट्रैक्ट में यह शर्त थी कि यदि वह दो और गोल करते हैं, तो बार्सिलोना को उनके पूर्व क्लब बायर्न म्यूनिख को 25 लाख यूरो अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता। आर्थिक संकट से जूझ रहे क्लब के लिए यह राशि अहम मानी जा रही थी।

हालांकि यह मामला पहले भी चर्चा में आया था, लेकिन अब खुद खिलाड़ी की पुष्टि से यह साफ हो गया है कि खिताब जीतने के बावजूद बार्सिलोना पर वित्तीय दबाव कितना गहरा था। गोल करने के लिए पहचाने जाने वाले स्ट्राइकर के लिए यह मानसिक रूप से एक असामान्य स्थिति थी, भले ही इससे उनके पेशेवर रवैये में कोई बदलाव न आया हो।

इस खुलासे के साथ ही लेवांडोव्स्की के भविष्य को लेकर अटकलें भी तेज हो गई हैं। उनका मौजूदा करार इस सीज़न के अंत में समाप्त हो रहा है और सऊदी प्रो लीग तथा मेजर लीग सॉकर से रुचि की खबरें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यूरोप के बाहर के क्लब हालात पर नजर बनाए हुए हैं और शुरुआती बातचीत भी हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *