पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की बड़ी सलाह, 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम में शामिल हों भुवनेश्वर कुमार

Former spinner Ravichandran Ashwin's major advice: Bhuvneshwar Kumar should be included in the team for the 2027 ODI World Cup.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को भारतीय टीम में शामिल करने की वकालत की है। अश्विन का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए भुवनेश्वर कुमार टीम इंडिया के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं।

भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 विकेट हासिल किए थे। उनके इस प्रदर्शन के बाद अश्विन ने कहा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट को उन्हें दोबारा वनडे सेटअप में शामिल करने पर विचार करना चाहिए।

अश्विन ने कहा, “भुवनेश्वर कुमार को मैं हां कहूंगा। मैं उनसे बात करता और उन्हें सभी टूर्नामेंट खेलने के लिए कहता- फर्स्ट क्लास क्रिकेट, विजय हजारे ट्रॉफी और बाकी मुकाबले। उन्हें दक्षिण अफ्रीका जाने के लिए पूरी तरह तैयार करना चाहिए। मुझे लगता है कि वहां हमें उनकी जरूरत होगी।”

अश्विन का मानना है कि भुवनेश्वर कुमार की स्विंग गेंदबाजी और बड़े मैचों का अनुभव दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में भारत के लिए फायदेमंद हो सकता है। उन्होंने टीम मैनेजमेंट को सलाह दी कि वर्ल्ड कप से पहले भुवनेश्वर को लगातार घरेलू टूर्नामेंट खेलने का मौका दिया जाए, ताकि वह लय में बने रहें।

श्रीलंका टेस्ट के लिए तीन स्पिनरों की वकालत

इससे पहले अश्विन ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को तीन विशेषज्ञ स्पिनरों के साथ उतरने की सलाह दी थी।

उन्होंने कहा कि रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलनी चाहिए, क्योंकि श्रीलंका की पिचें स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार हो सकती हैं।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “जडेजा निश्चित रूप से खेलेंगे। मानव सुथार ने पिछले मैच में सात विकेट लिए थे, इसलिए उन्हें भी खेलना चाहिए। कुलदीप यादव को भी मौका मिलना चाहिए। इससे टीम में तीन स्पिनर हो जाएंगे।”

उन्होंने बल्लेबाजी क्रम को लेकर भी अपनी राय रखी और कहा कि सरांश जैन को नंबर-7 पर उतारा जा सकता है, जबकि ऋषभ पंत, शुभमन गिल, देवदत्त पडिक्कल या साई सुदर्शन, यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल जैसे बल्लेबाज टीम का हिस्सा हो सकते हैं।

साई सुदर्शन की फिटनेस को बताया अहम

अश्विन ने युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन की फिटनेस को भी भारत के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि साई सुदर्शन ने हाल में भारत ‘ए’ के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और गॉल में शतक भी लगाया था, जिससे उन्हें श्रीलंका की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी।

अश्विन ने कहा, “साई सुदर्शन की फिटनेस भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता हो सकती है। उन्होंने भारत ‘ए’ सीरीज में दो शतक लगाए हैं, जिसमें एक गॉल में आया था। वहां की हवा, गेंद के टर्न और परिस्थितियों को समझने में समय लगता है, लेकिन उन्होंने वहां शतक लगाया। अगर वह फिट रहते हैं तो यह भारत के लिए बड़ा फायदा होगा।”

उन्होंने कहा कि श्रीलंका आमतौर पर स्पिन पर निर्भर रहता है और साई सुदर्शन स्पिन गेंदबाजी को अच्छी तरह खेलने वाले बल्लेबाज हैं, इसलिए उनकी मौजूदगी टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *