हॉलीवुड अभिनेत्री हेडन पनेटीयर का 36 वर्ष की उम्र में निधन

Hollywood actress Hayden Panettiere passes away at the age of 36.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: हॉलीवुड अभिनेत्री हेडन पनेटीयर का 36 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके प्रतिनिधि ने ABC News को दिए एक बयान में उनके निधन की पुष्टि की। हालांकि, अभिनेत्री की मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

उनके प्रतिनिधि ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हेडन के निधन की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने अभिनेत्री को ऐसी शख्सियत के रूप में याद किया, जिन्होंने अपने आसपास के लोगों और अपने प्रशंसकों के जीवन में “बेहद प्यार और खुशी” भरी।

हेडन पनेटीयर ने बतौर बाल कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्हें वर्ष 2006 में शुरू हुए साइंस-फिक्शन ड्रामा Heroes से दुनियाभर में पहचान मिली, जिसमें उन्होंने क्लेयर बेनेट का लोकप्रिय किरदार निभाया। यह सीरीज 2010 तक चली।

इसके बाद हेडन ने म्यूजिकल ड्रामा सीरीज Nashville में जूलियट बार्न्स की भूमिका निभाई। उन्होंने 2012 से 2018 तक इस किरदार को निभाया और अपने अभिनय के लिए खूब सराहना हासिल की।

फिल्मों में भी हेडन पनेटीयर ने कई यादगार भूमिकाएं कीं। उनके प्रमुख फिल्मों में Remember the Titans, Raising Helen, Ice Princess, I Love You, Beth Cooper, Scream 4 और Scream VI शामिल हैं। वह टेलीविजन फिल्म Amanda Knox में भी नजर आई थीं।

हाल के वर्षों में हेडन ने एक बाल कलाकार के रूप में काम करने और कम उम्र में शोहरत हासिल करने के अपने अनुभवों पर सार्वजनिक रूप से बात की थी। उन्होंने मनोरंजन उद्योग में अपने बचपन और निजी जीवन के संघर्षों को अपनी किताब This Is Me: A Reckoning में भी साझा किया। यह संस्मरण मई में प्रकाशित हुआ था।

हेडन पनेटीयर का निधन उनके संस्मरण के रिलीज होने के कुछ ही समय बाद हुआ है। इस किताब में उन्होंने अपने पर्दे के पीछे के जीवन और वर्षों के व्यक्तिगत अनुभवों को खुलकर सामने रखा था। उनके निधन की खबर से हॉलीवुड और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *