हुमा कुरैशी ने काजोल और ट्विंकल खन्ना की राय से जताई असहमति, “धोखा तो धोखा होता है, चाहे जैसा भी हो”

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने हाल ही में काजोल और ट्विंकल खन्ना द्वारा रिश्तों में शारीरिक बेवफाई को “माफ़ किए जा सकने वाली गलती” बताने पर सख्त आपत्ति जताई है। ‘दिल्ली क्राइम 3’ में दमदार भूमिका निभाने वाली हुमा ने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में स्पष्ट कहा कि वह किसी भी रूप में “फ्री पास” वाली सोच नहीं मानतीं।
पत्रकार शुभंकर मिश्रा से बातचीत में हुमा ने कहा, “धोखा तो धोखा है, इसमें शारीरिक या भावनात्मक क्या है। मैं इस मामले में बहुत पुरानी सोच की हूँ। भावनात्मक धोखा क्या होता है?”
उनकी यह प्रतिक्रिया ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’ में हुई उस बहस के जवाब में थी, जिसमें कहा गया था कि शारीरिक धोखा सिर्फ एक गलती की तरह माना जा सकता है और समय के साथ भुलाया जा सकता है।
इस पर हुमा ने बेबाकी से कहा, “मैं इसे नहीं मानती। या तो किसी रिश्ते में रहो मत। लेकिन अगर रह रहे हो, तो ये फ्री पास किस बात का? मुझे ये बातें समझ नहीं आतीं। मज़ाक में कहूँ तो—अगर पकड़े गए, तो पिटाई होगी।”
इस पूरे विषय पर चली बहस में फिल्ममेकर करण जौहर और अभिनेत्री जान्हवी कपूर भी शामिल थे। ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’ के एपिसोड का मुख्य सवाल था, “क्या भावनात्मक धोखा शारीरिक धोखे से ज़्यादा गंभीर होता है?”
जहाँ जान्हवी कपूर का मत था कि शारीरिक बेवफाई एक रिश्ते की मूल प्रतिबद्धता को तोड़ देती है और इसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता, वहीं पैनल के कई सदस्य इसे “कभी-कभी होने वाली गलती” बताकर हल्का करने की कोशिश करते दिखे।
ट्विंकल खन्ना ने तो यहां तक कहा, “रात गई, बात गई… समय के साथ शारीरिक धोखा पीछे छूट सकता है।” लेकिन जान्हवी इस राय से असहमत रहीं।
