‘मुझे महिला होने, पीरियड्स और एक्ट्रेस होने पर शर्म महसूस कराई गई: अनुपमा परमेश्वरन

‘I was made to feel ashamed of being a woman, having periods, and being an actress’: Anupama Parameswaranचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: साउथ की मशहूर अभिनेत्री अनुपमा परमेश्वरन ने अपने निजी जीवन को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। अभिनेत्री ने अपने पूर्व प्रेमी के साथ कथित तौर पर रहे एक कंट्रोलिंग और नार्सिसिस्टिक रिश्ते के बारे में बात की। अनुपमा ने कहा कि इस रिश्ते ने उनके आत्मविश्वास, निजी जिंदगी और करियर पर गहरा असर डाला।

धन्या वर्मा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान, अनुपमा ने बताया कि रिश्ते के दौरान उन्हें इस बात तक के लिए शर्मिंदा महसूस कराया गया कि वह एक महिला हैं, उन्हें पीरियड्स आते हैं और वह एक अभिनेत्री हैं।अभिनेत्री ने कहा, “मैं ऐसी स्थिति में थी जहां मुझे एक एक्टर होने पर शर्म आती थी। मुझे कॉन्फिडेंट होने पर शर्म आती थी। मुझे अपने पीरियड्स आने और महिला होने पर शर्म आती थी।”

‘हर बात पर कहा जाता था- तुम PMS कर रही हो’

अनुपमा ने बताया कि जब भी वह अपने पार्टनर को उसकी किसी गलती के लिए टोकती थीं, तो उनकी बात को गंभीरता से लेने के बजाय उनके पीरियड्स या PMS का हवाला दिया जाता था। उन्होंने कहा कि साइकल के किसी भी दिन अगर वह सामने वाले की गलती पर सवाल उठाती थीं, तो उसे यह कहकर टाल दिया जाता था कि वह PMS कर रही हैं या उनका पीरियड आने वाला है। इस वजह से वह धीरे-धीरे अपने ही शरीर और भावनाओं को लेकर शर्म महसूस करने लगी थीं।

अनुपमा ने कहा कि कभी वह 11 बच्चों की मां बनने का सपना देखा करती थीं, लेकिन इस रिश्ते के अनुभव के बाद अब वह बच्चे नहीं चाहतीं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपनी उपलब्धियों को लेकर भी बुरा महसूस कराया गया।

दो साल तक रहा कंट्रोलिंग रिश्ता

अनुपमा ने दो लंबे वीडियो में बिना किसी का नाम लिए बताया कि वह करीब दो साल तक एक कंट्रोलिंग रिश्ते में थीं। उनके मुताबिक, उस व्यक्ति ने धीरे-धीरे उनके जीवन के कई हिस्सों को नियंत्रित करना शुरू कर दिया। अभिनेत्री ने दावा किया कि उनके पहनावे से लेकर काम करने के तरीके तक, उनके फैसलों पर असर डाला गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस रिश्ते ने उनके निजी और पेशेवर जीवन से जुड़े कई फैसलों को प्रभावित किया।

‘Dragon’ का प्रमोशन भी नहीं किया

अनुपमा ने यह भी दावा किया कि उन्होंने उस व्यक्ति की वजह से फिल्म ‘Dragon’ का प्रमोशन नहीं किया था। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि फिल्म ‘Paradha’ के प्रमोशन के दौरान कथित तौर पर उन्हें बॉडी और सेक्स-शेमिंग का सामना करना पड़ा, जिसके कारण वह भावुक होकर टूट गई थीं।

अभिनेत्री के मुताबिक, उन पर लगातार सगाई और शादी करने का दबाव भी बनाया जा रहा था। हालांकि, उनका ‘gut instinct’ उन्हें लगातार इस फैसले को टालने के लिए कह रहा था।

सोशल मीडिया पर भी कर रही हैं इशारों में बात

अनुपमा ने बताया कि जुलाई में ब्रेक के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वापसी की और इसके बाद से अपने पूर्व पार्टनर के बारे में बिना नाम लिए बात करना शुरू किया। उन्होंने उसके व्यक्तित्व की तुलना फिल्म ‘Anniyan’ के विक्रम के किरदार से भी की। अनुपमा की इन बातों के बाद उनके फैंस के बीच उनके पूर्व रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभिनेत्री ने अपने एक्स-पार्टनर का नाम सार्वजनिक रूप से नहीं बताया है।

ध्रुव विक्रम के साथ रिश्ते की भी रही है चर्चा

अनुपमा परमेश्वरन ने अभिनेता ध्रुव विक्रम के साथ भी फिल्म में काम किया है। दोनों ने मारी सेल्वराज की ‘Bison Kaalamaadan’ में स्क्रीन शेयर की थी। 2025 की शुरुआत से दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें भी चलती रही हैं।

फैंस ने एक कथित किसिंग फोटो और दोनों की एक साझा Spotify प्लेलिस्ट के आधार पर अटकलें लगाई थीं। अवॉर्ड समारोहों में दोनों की केमिस्ट्री ने भी इन चर्चाओं को हवा दी। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *