‘मैं डिप्रेशन में था, शराब पीकर सेट पर पहुंचता था’, राम कपूर का बड़ा खुलासा

'I was suffering from depression and used to arrive on set drunk' – Ram Kapoor makes a major revelation.चिरौरी न्यूज

मुंबई: अभिनेता राम कपूर ने रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सज़ा’ में अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि सुपरहिट टीवी शो ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ के दौरान वह गहरे डिप्रेशन, गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं और शराब की लत से जूझ रहे थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके व्यवहार की वजह से ही यह लोकप्रिय शो समय से पहले खत्म हो गया।

’27 साल के करियर की पहचान सिर्फ एक शो’

राम कपूर ने कहा, “मैं 27 साल से काम कर रहा हूं। कई फिल्में और टीवी शो किए, लेकिन मेरी पहचान आज भी ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ से है। इस शो के दौरान मैं अपनी जिंदगी के सबसे बुरे डिप्रेशन से गुजर रहा था।”

उन्होंने बताया कि यह राज उन्होंने आज तक किसी से साझा नहीं किया था और उनकी पत्नी गौतमी कपूर और बच्चे भी पहली बार इस बारे में शो के जरिए जान रहे हैं।राम ने बताया कि लगातार बढ़ते वजन और अनियमित जीवनशैली के कारण उनकी सेहत बेहद खराब हो गई थी। उन्होंने कहा, “मेरा वजन लगातार बढ़ रहा था। डॉक्टरों ने कहा था कि अगर मैंने अपनी सेहत का ध्यान नहीं रखा तो छह महीने के अंदर मेरी मौत हो सकती है। मैं दिन में तीन बार इंसुलिन लेता था और मेरा शुगर लेवल 400 से 600 के बीच रहता था।”

उन्होंने बताया कि वह रोजाना 14 घंटे शूटिंग करते थे, लेकिन शो की सफलता और लोकप्रियता के कारण खुद पर ध्यान नहीं दे पाए।

‘मैं सेट पर छह घंटे लेट पहुंचता था’

राम कपूर ने स्वीकार किया कि उस दौर में उनका व्यवहार पूरी तरह बदल गया था। उन्होंने कहा, “मैं शूटिंग पर छह-छह घंटे देर से पहुंचता था। सेट पर शराब पीता था और लोगों से बहुत बुरा व्यवहार करता था। मैं एक राक्षस जैसा इंसान बन गया था। आखिरकार शो मेरे कारण ही बंद हुआ और आज मुझे अपने उस व्यवहार पर शर्म आती है।”

शो में सह-प्रतियोगी हर्षद चोपड़ा द्वारा आत्महत्या की कोशिश का जिक्र करते हुए राम कपूर भावुक हो गए।

उन्होंने कहा, “अगर मेरे बच्चे नहीं होते, तो शायद मैं भी वही कदम उठा लेता। बच्चों की वजह से ही मैंने जीना नहीं छोड़ा। वही मेरी जिंदगी बचाने की सबसे बड़ी वजह बने।”

परिवार को दिया श्रेय

राम कपूर ने बताया कि अब उस कठिन दौर को बीते 10 साल से ज्यादा हो चुके हैं और आज वह मानसिक रूप से पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और खुश हैं।

‘लॉक अप: सच या सज़ा’ में इससे पहले भी राम कपूर ने अपने बचपन में यौन शोषण का शिकार होने का खुलासा किया था। इसके अलावा उन्होंने अपने पिता के कैंसर और उनके अंतिम दिनों से जुड़ी भावुक बातें भी साझा की थीं।

इस एपिसोड में अपने तीसरे और आखिरी सीक्रेट का खुलासा करने के बाद राम कपूर ने फिनाले वीक में जगह बना ली। वहीं, प्रतियोगी पामाला सेरेना और आकांक्षा चौधरी शो से बाहर हो गईं। अब शो का ग्रैंड फिनाले 5 अगस्त को होगा, जिसमें विजेता के नाम का ऐलान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *