हरारे में भारत की धमाकेदार जीत, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टी20 सीरीज पर कब्जा

India's resounding victory in Harare; T20 series clinched under Shreyas Iyer's captaincy.
(Pic: BCCI)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने शनिवार को दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 90 रन से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इस जीत के साथ कप्तान श्रेयस अय्यर ने भारत को अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज जीत दिलाई और हालिया इंग्लैंड व आयरलैंड दौरे की निराशा के बाद राहत की सांस ली।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा एक बार फिर बल्ले से नाकाम रहे और सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने केवल 9 गेंदों में 20 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक शानदार छक्का शामिल था।

इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (25 रन, 20 गेंद) और ईशान किशन ने पारी को संभाला। अय्यर ने संयम से बल्लेबाजी करते हुए किशन को खुलकर खेलने का मौका दिया।

ईशान किशन और तिलक वर्मा का तूफान

ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 81 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। अंत में तिलक वर्मा ने 27 गेंदों में नाबाद 57 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए नाबाद 98 रन जोड़कर भारत का स्कोर 219 रन तक पहुंचा दिया।

यश ठाकुर का यादगार डेब्यू

220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत तेज रही। सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 19 गेंदों में 32 रन बनाकर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया।

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर रहे यश ठाकुर ने बेनेट का विकेट लेकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट झटकते हुए जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखेर दिया।

अभिषेक शर्मा ने गेंद से की भरपाई

बल्ले से फ्लॉप रहने वाले अभिषेक शर्मा ने गेंदबाजी में शानदार वापसी की। उन्होंने 3 विकेट लेकर जिम्बाब्वे की बची-खुची उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने भी अहम विकेट लेकर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया।

हालांकि, भारत के लिए एक चिंता की बात यह रही कि तेज गेंदबाज प्रिंस यादव गेंदबाजी के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण मैदान छोड़कर चले गए।

इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर लगातार छह टी20 मुकाबले हारने के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर सवाल उठने लगे थे। लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार दूसरी बड़ी जीत ने उन्हें राहत दी है। अब तीसरा मुकाबला जीतकर भारत के पास सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने का शानदार मौका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *