तृणमूल कांग्रेस में आंतरिक कलह; पार्टी महासचिव सयंतिका बनर्जी ने दिया इस्तीफा, सांसद अर्जुन सिंह ने शीर्ष नेतृव की आलोचना की

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होते ही तृणमूल कांग्रेस में आंतरिक घमासान शुरू हो गया है। लोकसभा उम्मीदवारों की सूची की घोषणा रविवार दोपहर को की गई और इसके कुछ ही घंटों बाद, पार्टी की राज्य महासचिव और अभिनेत्री से नेता बनी सयंतिका बनर्जी ने पार्टी पद से अपना इस्तीफा दे दिया।
बनर्जी के अलावा उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र से मौजूदा सांसद अर्जुन सिंह भी ममता बनर्जी से नाराज हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व पर किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। अर्जुन सिंह का नाम उम्मीदवार सूची से हटा दिया गया है और उनके स्थान पर पार्टी ने राज्य के सिंचाई मंत्री पाठा भौमिक को उम्मीदवार बनाया है।
सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी को भेजे गए इस्तीफे में सयंतिका बनर्जी ने कहा है कि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से पद से इस्तीफा दिया है। हालांकि अपने इस्तीफे में, बनर्जी ने विस्तार से बताया है कि कैसे उन्होंने पार्टी लाइनों के अनुसार काम किया और पिछले तीन वर्षों से नियमित रूप से पार्टी कार्यक्रमों में भाग लिया।
दरअसल, नामांकन न मिलने की उनकी नाराजगी अभिषेक बनर्जी द्वारा उम्मीदवारों की सूची घोषित करने के तुरंत बाद ही स्पष्ट हो गई थी। वह ब्रिगेड परेड मैदान में मेगा रैली में मौजूद थीं, जहां से उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की गई।
हालाँकि, पूरी सूची की घोषणा के तुरंत बाद, उन्हें गंभीर चेहरे के साथ कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलते और अपने मोबाइल फोन पर किसी से बात करते हुए देखा गया। बनर्जी ने 2021 पश्चिम बंगाल में बांकुरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। हालाँकि, वह हार गईं, जिसके बाद उन्हें पार्टी का राज्य महासचिव बनाया गया।
लोकसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के बाद 2019 में अर्जुन सिंह भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुने गए। हालांकि, 2022 में वह अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में फिर से तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। रविवार से ही अर्जुन सिंह के सहयोगी बैरकपुर से भौमिक को उम्मीदवार बनाए जाने का विरोध कर रहे थे।