शोल्डर सर्जरी के बाद जूनियर एनटीआर ने फैंस का जताया आभार, ‘आपका सपोर्ट मुझे ताकत देता है’
चिरौरी न्यूज
हैदराबाद: साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर ने सफल शोल्डर सर्जरी के बाद अपने फैंस, दोस्तों और परिवार का आभार जताया है। अभिनेता ने बताया कि सर्जरी सफल रही और वह अब ठीक हैं।
जूनियर एनटीआर ने सिकंदराबाद स्थित KIMS हॉस्पिटल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की सलाह के बाद आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी करवाई। सर्जरी के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपने चाहने वालों का शुक्रिया अदा किया।
अभिनेता ने लिखा, “आप सभी के प्यार और प्रार्थनाओं से मैं अभिभूत हूं। सर्जरी सफल रही और मैं ठीक हूं। KIMS के शानदार डॉक्टरों की टीम का दिल से आभार।” उन्होंने आगे लिखा, “मेरे दोस्तों, परिवार और फैंस, आपका सपोर्ट मुझे हर दिन ताकत देता है। जल्द ही आपसे मिलूंगा।”
KIMS हॉस्पिटल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, जूनियर एनटीआर को कंधे में चोट लगी थी। मेडिकल विशेषज्ञों से फॉलो-अप कंसल्टेशन के बाद उन्हें आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी की सलाह दी गई थी। डॉक्टरों के अनुसार, इस प्रक्रिया से उन्हें तेजी से और पूरी तरह ठीक होने में मदद मिलेगी।
हॉस्पिटल ने बताया कि सर्जरी पूरी तरह सफल रही और अभिनेता की हालत ठीक है। अब वह मेडिकल निगरानी में एक स्ट्रक्चर्ड रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम शुरू करेंगे।
डॉक्टरों को उम्मीद है कि जूनियर एनटीआर पूरी तरह ठीक हो जाएंगे और 2 से 3 महीने के भीतर सामान्य दिनचर्या में लौट सकते हैं।
कंधे में चोट लगने के बाद जूनियर एनटीआर को पहले ही 6 से 8 हफ्ते आराम करने की सलाह दी गई थी। सर्जरी सफल होने के बाद अब आने वाले कुछ हफ्ते उनके रिकवरी और रिहैबिलिटेशन में गुजरेंगे। वर्कफ्रंट की बात करें तो जूनियर एनटीआर जल्द ही प्रशांत नील के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘ड्रैगन’ में नजर आएंगे।
