असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कार्तिक आर्यन ने दिए 1 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

Kartik Aaryan donates ₹1 crore to help Assam flood victims; Chief Minister expresses gratitude
(Pic: Twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। असम मुख्यमंत्री कार्यालय ने अभिनेता के इस सहयोग की पुष्टि करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अभिनेता कार्तिक आर्यन द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 करोड़ रुपये के उदार योगदान के लिए आभार। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य में राहत कार्यों के लिए उनके इस सराहनीय कदम और समय पर मिले सहयोग की प्रशंसा की है।”

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी अपने निजी एक्स अकाउंट से कार्तिक आर्यन को धन्यवाद देते हुए लिखा, “आपके उदार योगदान से बेहद खुशी हुई। आपका सहयोग असम के लोगों की मदद में काफी महत्वपूर्ण साबित होगा।”

सलमान खान भी राहत कार्यों से जुड़े

इससे पहले अभिनेता सलमान खान ने भी असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया था। जानकारी के मुताबिक, सलमान खान की संस्था बीइंग ह्यूमन ने सलमान खान फैन क्लब (SKFC) असम के साथ मिलकर राज्य के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में राहत कार्य शुरू करने की योजना बनाई है।

राहत अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।

असम बाढ़ में अब तक 78 लोगों की मौत

असम में इस साल आई बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार 29 जुलाई तक बाढ़ के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है। सिवसागर और गोलाघाट जिलों में तीन और लोगों की मौत के बाद यह आंकड़ा बढ़ा।

राज्य सरकार के बुलेटिन के अनुसार, सात जिलों में अब भी 3 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित जिलों में सिवसागर, चराईदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नगांव, बिस्वनाथ और कामरूप मेट्रोपॉलिटन शामिल हैं। बाढ़ का पानी अभी भी 21 राजस्व क्षेत्रों और 551 गांवों में फैला हुआ है। वहीं, 21,523.08 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो चुकी है। कार्तिक आर्यन और अन्य हस्तियों की ओर से मिले इस सहयोग से राज्य में चल रहे राहत और बचाव कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *