चिरौरी स्पेशलदेश-प्रदेशनीति राजनीतिहाल फिलहाल

इटली के नेता के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे पर राहुल गांधी के हंसने पर किरेन रिजिजू: ‘भारत का अपमान करने पर कौन हंसता है’

Kiren Rijiju on Rahul Gandhi laughing at an Italian leader's slogan—'Vote thief, step down from power'—asks: "Who laughs when India is insulted?"चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: हैदराबाद में भारत समिट 2026 के दौरान इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने कांग्रेस के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे को दोहराया। इस दौरान राहुल गांधी हंसते और तालियां बजाते नजर आए। अब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस पर तंज कसा है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई विदेशी नागरिक भारत का अपमान करता है तो कोई भारतीय उस पर हंस कैसे सकता है? रिजिजू की यह प्रतिक्रिया हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2026 के दौरान राहुल गांधी के एक वीडियो के सामने आने के बाद आई है।

दरअसल, समिट में इटली के नेता और पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने कांग्रेस के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे को दोहराया था। इस दौरान राहुल गांधी हंसते और तालियां बजाते दिखाई दिए। इस घटना को लेकर भाजपा और भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।

रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बिना राहुल गांधी का नाम लिए तंज कसते हुए लिखा, “क्या आपने कभी किसी को विदेशी के हाथों भारत का अपमान होने पर हंसते हुए देखा है? मैं यह नहीं पूछ रहा कि कौन सा भारतीय विदेश जाकर भारत का अपमान करता है।”

भारत समिट में संबोधन के दौरान जियाकोमो फिलिबेक ने राहुल गांधी के चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अभियान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत की रक्षा की है।

फिलिबेक ने कहा कि साफ और पारदर्शी मतदाता सूची की मांग को लेकर राहुल गांधी का अभियान और दो सप्ताह पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में हजारों लोगों का मार्च लोकतंत्र की रक्षा के लिए जरूरी कदम हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “वोट चोर, गद्दी छोड़।” इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी में भी यही नारा दोहराया और कहा, “वोट चोर, अपनी कुर्सी छोड़ो।”

इटली के नेता ने कांग्रेस की तारीफ करते हुए कहा कि आधुनिक भारत की लोकतांत्रिक नींव तैयार करने में पार्टी की अहम भूमिका रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और राहुल गांधी तथा कांग्रेस के साथ खड़े होकर इसकी रक्षा की जानी चाहिए।

भारत के आंतरिक मामलों में दखल बर्दाश्त नहीं

फिलिबेक के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर विदेशी नेताओं को भारत की आंतरिक राजनीति में शामिल करने का आरोप लगाया।

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने इटली के नेता के बयान को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी विदेशी नागरिक को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को देश के भीतर ऐसे नारे लगाने वाले लोग नहीं मिल रहे हैं, इसलिए अब विदेशी नेताओं से नारे लगवाए जा रहे हैं।

वहीं, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंदर राव ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर लिखा कि क्या विदेशी नेताओं को देश के लोकतंत्र का मजाक उड़ाने देना और फिर उनकी बातों पर तालियां बजाना देशद्रोह नहीं है? उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अब भारतीय नेता की तरह व्यवहार नहीं कर रहे हैं और विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं।

BRS नेता और नेशनल मीडिया पैनलिस्ट कार्तिक इंद्र रेड्डी पट्लोला ने भी कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी करने के लिए किसी विदेशी नेता को मंच क्यों दिया जा रहा है।

संजय राउत ने किया इटली के नेता का बचाव

इस पूरे विवाद के बीच शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने जियाकोमो फिलिबेक के बयान का बचाव किया। उन्होंने भाजपा की आलोचना पर पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच संबंधों का जिक्र किया।

राउत ने कहा, “अगर मोदी इटली की प्रधानमंत्री को मेलोडी चॉकलेट दे सकते हैं, तो इटली का कोई नेता यहां आकर इस देश के बारे में बात क्यों नहीं कर सकता?” उन्होंने आगे कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और यह संयुक्त राष्ट्र तथा मानवाधिकारों से जुड़ा मुद्दा है, न कि किसी विदेशी ताकत से जुड़ा मामला।

इस बयान के बाद भारत समिट में दिए गए फिलिबेक के भाषण को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भाजपा जहां इसे भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप बता रही है, वहीं विपक्षी नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र और मानवाधिकारों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा करने में कोई बुराई नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *