‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ में बड़ा ट्विस्ट, शाहनील गिल निकलीं अगली ट्रेटर; एक छोटी सी गलती ने खोली पोल

Major twist in ‘The Traitors Season 2’: Shahneel Gill revealed as the next Traitor; a small mistake gave her away.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: करण जौहर के शो ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ में हर एपिसोड के साथ खेल और भी रोमांचक होता जा रहा है। शो में लगातार नए ट्विस्ट और चौंकाने वाले खुलासे देखने को मिल रहे हैं। पिछले हफ्ते मासूम कंटेस्टेंट्स ने दूसरे ट्रेटर कुल्लू को पहचानकर गेम से बाहर कर दिया था। अब एक और ट्रेटर का पर्दाफाश हो गया है।

इस बार शाहनील गिल को ट्रेटर के तौर पर पहचान लिया गया और उन्हें शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। शाहनील की पहचान एक छोटी सी गलती की वजह से सामने आई, जिसके बाद घरवालों का शक उन पर गहराने लगा।

ऐसे खुली शाहनील गिल की पोल

शाहनील गिल का ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ का सफर प्राइवेट डिटेक्टिव तान्या पुरी की एक समझदारी भरी चाल के बाद खत्म हुआ। दरअसल, शो में कई कंटेस्टेंट्स पहले से ही क्रिस्टल डिसूजा पर शक कर रहे थे। हालांकि, अचानक शक का दायरा शाहनील की ओर मुड़ गया।

तान्या ने क्रिस्टल और शाहनील से उन्हें मिले पत्रों के बारे में सवाल किया। क्रिस्टल ने अपनी बात मजबूती से रखकर खुद को बचा लिया। वहीं, शाहनील ने कहा कि उन्हें पत्र में लिखी हर बात याद नहीं है। उनका यह जवाब बाकी कंटेस्टेंट्स को संतुष्ट नहीं कर पाया।

इसके बाद वोटिंग हुई और अधिकांश कंटेस्टेंट्स ने शाहनील के खिलाफ वोट करते हुए उन्हें गेम से बाहर कर दिया।

शो से बाहर निकलते वक्त शाहनील गिल ने अपने सफर को याद करते हुए कहा कि उन्हें कंटेस्टेंट्स से बातचीत करने और दोस्ती करने में काफी मजा आया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वह शो से इतनी अच्छी दोस्तियां लेकर जाएंगी। शाहनील ने मजाकिया अंदाज में खुद को ‘सबसे मासूम ट्रेटर’ भी बताया। उन्होंने कहा कि वह इस खूबसूरत गेम का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं।

शाहनील गिल के एविक्शन के बाद ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ में अब क्रिस्टल डिसूजा, तान्या पुरी, श्वेता तिवारी, अंश चोपड़ा, इक्का सिंह, शालिनी पासी, दलीप ताहिल, मल्लिका शेरावत, रिया चक्रवर्ती, प्रिश, साहिल सलाथिया और रिदा थराना गेम में बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *