लाइफस्टाइल

बिग बॉस 20 में मनोज तिवारी की बेटी रिति तिवारी की एंट्री, सलमान खान के सामने दिखाया दम

Manoj Tiwari's daughter, Riti Tiwari, enters Bigg Boss 20; shows her mettle before Salman Khan.चिरौरी न्यूज

मुंबई: भोजपुरी अभिनेता और राजनेता मनोज तिवारी एक बार फिर बिग बॉस के मंच पर नजर आने वाले हैं, लेकिन इस बार वह शो के कंटेस्टेंट नहीं होंगे। मनोज तिवारी की बेटी और म्यूजिशियन रिति तिवारी अब बिग बॉस 20 में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री लेने जा रही हैं। शो के मेकर्स ने नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें रिति की एंट्री की झलक देखने को मिली है। खास बात यह है कि अपनी बेटी को बिग बॉस के घर छोड़ने खुद मनोज तिवारी पहुंचे हैं।

सलमान खान द्वारा होस्ट किए जा रहे बिग बॉस 20 का प्रीमियर 6 सितंबर को होने जा रहा है। नए प्रोमो में मनोज तिवारी मंच पर अपने लोकप्रिय गाने ‘रिंकिया के पापा’ के साथ एंट्री करते हैं। उन्हें देखकर सलमान खान मजाकिया अंदाज में पूछते हैं कि क्या वह एक बार फिर बिग बॉस के घर में लौट रहे हैं।

मनोज तिवारी तुरंत साफ करते हैं कि इस बार वह खुद कंटेस्टेंट बनकर नहीं आए हैं, बल्कि अपनी बेटी रिति को बिग बॉस के घर छोड़ने आए हैं। इसके बाद रिति मंच पर पहुंचती हैं और अपनी परफॉर्मेंस से सलमान खान के सामने अपना अंदाज दिखाती हैं।

सलमान ने रिति को दी मजेदार सलाह

प्रोमो में सलमान खान रिति तिवारी को बिग बॉस के घर में रहने को लेकर एक खास सलाह देते दिखाई देते हैं। वह मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि घर के अंदर अंडे को लेकर किसी से लड़ाई नहीं करनी चाहिए।

सलमान की यह बात सुनकर मनोज तिवारी के चेहरे पर भी मुस्कान आ जाती है। दरअसल, अंडे को लेकर सलमान का यह मजाक मनोज तिवारी के बिग बॉस के पुराने दिनों से जुड़ा हुआ है।

इसके बाद रिति भी मजाकिया अंदाज में कहती हैं, “ऐ बाप पे मत जाना।” बेटी की यह बात सुनकर मनोज तिवारी अपना चेहरा ढक लेते हैं, जबकि सलमान खान जोर से हंसने लगते हैं। रिति इसके बाद ‘बाप’ को लेकर एक और मजेदार पंच मारती हैं, जिससे सलमान और मनोज तिवारी दोनों की हंसी छूट जाती है।

डॉली बिंद्रा से हुई थी अंडे को लेकर लड़ाई

सलमान खान का अंडे वाला मजाक मनोज तिवारी और डॉली बिंद्रा के बीच बिग बॉस 4 में हुए चर्चित विवाद की याद दिलाता है। उस समय दोनों के बीच नाश्ते को लेकर तीखी बहस हो गई थी।

मनोज तिवारी ऑमलेट बनाना चाहते थे, जबकि डॉली बिंद्रा का कहना था कि पहले घर में बचा हुआ खाना खत्म किया जाए। देखते ही देखते बात बढ़ गई और दोनों के बीच जमकर बहस हुई।

इसी विवाद के दौरान मनोज तिवारी का बयान “किचन किसी के बाप का नहीं है” काफी चर्चित हुआ था। इसके जवाब में डॉली बिंद्रा ने “बाप पे बोलना नहीं” कहा था। दोनों के बीच हुई यह बहस बाद में बिग बॉस के सबसे यादगार विवादों में शामिल हो गई और सोशल मीडिया पर इसके मीम्स भी खूब वायरल हुए।

यही वजह है कि बिग बॉस 20 के प्रोमो में सलमान खान ने रिति को अंडे को लेकर लड़ाई न करने की सलाह देकर मनोज तिवारी के पुराने किस्से को फिर से याद दिला दिया।

रिति के लिए बिग बॉस में नई चुनौती

मनोज तिवारी के बिग बॉस में पहले के अनुभव के बाद अब उनकी बेटी रिति तिवारी के शो में आने को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। रिति पेशे से म्यूजिशियन हैं और अब उन्हें बिग बॉस के घर में अलग-अलग स्वभाव वाले कंटेस्टेंट्स के बीच अपनी पहचान बनानी होगी।

प्रोमो में पिता और बेटी की बॉन्डिंग भी देखने को मिलती है। मनोज जहां अपनी बेटी को शो के लिए छोड़ने पहुंचे हैं, वहीं सलमान खान के साथ उनकी मजेदार बातचीत ने प्रोमो को और दिलचस्प बना दिया है।

इन नामों की भी हो रही चर्चा

बिग बॉस 20 को लेकर मेकर्स लगातार नए प्रोमो जारी कर रहे हैं। शो के संभावित कंटेस्टेंट्स को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। इनमें बादशाह की कथित रूप से अलग रह रही पत्नी ईशा रिक्खी, आमिर खान के भाई फैसल खान, करण वाही की एक्स उदिति सिंह, कुशाल तंवर, काजी तौकीर, यंग डीएसए, रिया चक्रवर्ती के भाई शोविक चक्रवर्ती और खुशी दुबे के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा बॉक्सिंग की दिग्गज खिलाड़ी मैरी कॉम का नाम भी शो के संभावित कंटेस्टेंट के तौर पर चर्चा में रहा है। हालांकि, सभी नामों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

‘एलिस इन वंडरलैंड’ थीम पर तैयार हुआ बिग बॉस का घर

बिग बॉस 20 में सिर्फ कंटेस्टेंट्स ही नहीं, बल्कि इस बार घर का डिजाइन भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेकर्स ने नए घर की झलकियां जारी की हैं, जिसे फैंटेसी और मॉडर्न डिजाइन के अनोखे मिश्रण के साथ तैयार किया गया है।

घर को ‘एलिस इन वंडरलैंड’ की थीम से प्रेरित बताया जा रहा है। इसमें शार्क थीम वाला स्विमिंग पूल, एक विशाल गुलाबी चाय की केतली, जो सोफे में बदलती है, और हॉट-एयर बैलून से तैयार किया गया बैठने का एरिया शामिल है।

इस सीजन में दो सीक्रेट रूम भी बनाए गए हैं। इसके अलावा घर में कुल 104 कैमरे लगाए गए हैं, जो कंटेस्टेंट्स की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।

सलमान खान की मेजबानी वाला बिग बॉस 20 6 सितंबर से शुरू होगा। शो का प्रीमियर JioHotstar पर रात 9 बजे और Colors TV पर रात 10:30 बजे होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *