विराट कोहली पर बयान देने के लिए पैसे ऑफर किए गए थे: जर्मन मॉडल लीजलाज का बड़ा दावा
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: जर्मन मॉडल, सिंगर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीजलाज ने हाल ही में एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए दावा किया है कि सोशल मीडिया पर हुए विवाद के बाद कुछ पत्रकारों ने उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली के खिलाफ़ गलत बयान देने के लिए पैसे ऑफर किए थे।
दरअसल, कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर उस वक्त हलचल मच गई थी, जब ऐसा दावा किया गया कि विराट कोहली के इंस्टाग्राम अकाउंट से लीजलाज की एक पोस्ट को ‘लाइक’ किया गया। यह मामला देखते ही देखते इंटरनेट पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया और इसके बाद कई तरह की अफवाहें भी सामने आने लगीं।
हाल ही में FilmyMantra Media को दिए इंटरव्यू में लीजलाज ने बताया कि इस विवाद के बाद कई मीडिया संस्थानों ने उनसे संपर्क किया। उनका आरोप है कि कुछ पत्रकारों ने उन्हें कोहली के खिलाफ़ झूठे आरोप लगाने और उनके बारे में नकारात्मक बातें कहने के लिए उकसाने की कोशिश की।
लीजलाज ने इंटरव्यू में कहा, “कुछ पत्रकारों ने तो मुझे उनके (विराट कोहली के) बारे में बुरा बोलने और ऐसी चीज़ों के बारे में आरोप लगाने के लिए पैसे देने की पेशकश भी की, जो उन्होंने कभी की ही नहीं। लेकिन मैं ऐसा क्यों करूँगी?”
उन्होंने साफ़ तौर पर कहा कि विराट कोहली उनके पसंदीदा क्रिकेटर हैं और वह सिर्फ पैसे या पब्लिसिटी के लिए उनकी छवि खराब करने के बारे में सोच भी नहीं सकतीं। लीजलाज ने कहा कि उन्हें किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने में कोई रुचि नहीं है।
कौन हैं लीजलाज ?
लीजलाज का जन्म दक्षिण अफ्रीका में हुआ था। उनकी माँ जर्मन थीं, जबकि उनके पिता दक्षिण अफ्रीकी हैं। बहुभाषी प्रतिभा रखने वाली लीजलाज जर्मन और अफ्रीकान्स के अलावा डच, फ्रेंच, रूसी और थोड़ी-बहुत स्पेनिश भाषा भी बोल सकती हैं।
उन्होंने साइकोलॉजी में MSc की डिग्री हासिल की है और वह एक सर्टिफाइड लाइफसेविंग स्विमर भी हैं। मॉडलिंग और सोशल मीडिया के अलावा उन्हें फूड व्लॉगिंग, घूमना-फिरना और गाने लिखने का भी शौक है।
विराट कोहली से जुड़ा विवाद सामने आने के बाद यह भी पता चला कि लीजलाज RCB की बड़ी फैन हैं। यही वह टीम है, जिसके लिए विराट कोहली खेलते हैं।
पिछले साल FilmyMantra को दिए एक इंटरव्यू में लीजलाज ने बताया था, “जब मैं बहुत छोटी थी, तब हम केप टाउन के पास एक बीच पर रहते थे।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे अपनी लोकल टीम को सपोर्ट करना बहुत पसंद है। भारत में बेंगलुरु मुझे सबसे ज़्यादा अपने घर जैसा महसूस होता है।”
लीजलाज ने यह भी बताया कि भारत आने के बाद ही उन्हें क्रिकेट के बारे में ज़्यादा जानकारी मिली, लेकिन उसके बाद से विराट कोहली उनके सबसे पसंदीदा क्रिकेटर बन गए।
