विश्व फोटोग्राफी दिवस से पहले मृणाल ठाकुर ने साझा की दिल छू लेने वाली तस्वीरें

Mrunal Thakur shares heartwarming pictures ahead of World Photography Day
(Pic credit: Instagram/Mrunal Thakur)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: विश्व फोटोग्राफी दिवस से ठीक पहले अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने अपने कैमरे से कुछ बेहतरीन और दिल को छू लेने वाली तस्वीरें साझा कर अपने दिल का एक टुकड़ा अपने चाहनेवालों के साथ बांटा है। ‘सीता रामम’ फेम अभिनेत्री ने रेत पर बनी एक छाया की तस्वीर से लेकर समुद्र की अनंत खूबसूरती तक, हर दृश्य को अपने कैमरे में बेहद खूबसूरती से कैद किया है। उनके द्वारा साझा किए गए इस खास एल्बम में एक शांत चर्च की तस्वीर और एक बारटेंडर को काम करते हुए भी दिखाया गया है, जो उनकी नज़र की संवेदनशीलता और विविधता को दर्शाता है।

मृणाल ने इस पोस्ट के माध्यम से फोटोग्राफी के प्रति अपने प्रेम को भी व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “मैं हमेशा मानती आई हूं कि एक तस्वीर हजार शब्दों के बराबर होती है… और जब से मैंने फोटोग्राफी को गंभीरता से लेना शुरू किया है, इस सोच को और भी गहराई से महसूस करने लगी हूं। फोटोग्राफी मेरी पसंदीदा चीजों में से एक है और मैं इसमें और भी सीखना, जानना और आगे बढ़ना चाहती हूं। हमेशा से मेरे अंदर ये ‘कीड़ा’ रहा है कि कुछ नया सीखूं, कुछ एक्सप्लोर करूं, हर उस चीज को अपनाऊं जो जिज्ञासा जगाए।”

उन्होंने बताया कि उन्होंने पिछले साल अपने पहले लाइका कैमरे को घर लाकर अपने इस जुनून को अभ्यास में बदलने का फैसला लिया। मृणाल ने कहा, “ये खुशी और डर दोनों का मिला-जुला अनुभव था। एक तरफ मैं बहुत उत्साहित थी तस्वीरें क्लिक करने के लिए, तो वहीं दूसरी ओर डरी हुई भी थी कि कहीं मैं इसमें बहुत खराब न निकलूं। लेकिन फिर मैंने सोचा कि कम से कम कोशिश तो करनी चाहिए।”

‘सुपर 30’ की यह अभिनेत्री मानती हैं कि फोटोग्राफी की असली खूबसूरती उसके प्रोसेस और धैर्य में छिपी होती है। उन्होंने लिखा, “तो जब विश्व फोटोग्राफी दिवस नजदीक है, मैंने सोचा कि अपनी कैमरे से ली गई कुछ तस्वीरें साझा करूं। ये सब तब हुआ जब मैं अंदर ही अंदर खुद को क्रिटिसाइज कर रही थी, सोच में डूबी थी और शायद 92,836 घंटे तक ओवरथिंक कर रही थी। लेकिन शायद फोटोग्राफी की यही तो खूबसूरती है… उसका प्रोसेस, रुकना और सब्र रखना।”

काम के मोर्चे पर मृणाल ठाकुर जल्द ही अपनी अगली फिल्म ‘डकैत’ में नजर आने वाली हैं, जिसमें वह अभिनेता आदिवी शेष के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का निर्देशन शनील देव कर रहे हैं और इसमें अनुराग कश्यप भी एक अहम भूमिका में दिखाई देंगे। ‘डकैत’ इस साल 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *