मुंबई इंडियंस ने IPL 2027 से पहले लसिथ मलिंगा को हटाया
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: नया हेड कोच नियुक्त करने के कुछ ही दिनों बाद, मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 सीज़न से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाया है। पांच बार की चैंपियन टीम ने हाल ही में कीरोन पोलार्ड को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। यह पद इस महीने की शुरुआत में महेला जयवर्धने के हटने के बाद खाली हो गया था। वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर के अपनी नई भूमिका संभालने के साथ ही, फ्रेंचाइजी ने लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और कार्ल हॉपकिंसन के अपने-अपने कोचिंग पदों से हटने की भी घोषणा की है।
मलिंगा और म्हाम्ब्रे क्रमशः पेस और स्पिन बॉलिंग कोच थे, जबकि हॉपकिंसन मुंबई इंडियंस के फील्डिंग कोच थे। इन तीनों कोचों के जाने से यह साफ है कि पांच बार की IPL चैंपियन टीम के कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव होने जा रहा है।
मुंबई इंडियंस ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “मुंबई इंडियंस ने आज घोषणा की है कि लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और कार्ल हॉपकिंसन पुरुष टीम के कोचिंग सेटअप में अपनी-अपनी भूमिकाओं से हट रहे हैं। हम फ्रेंचाइजी के प्रति उनके समर्पण, योगदान और सेवा के लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं। मुंबई इंडियंस टीम और पूरे MI परिवार में उनके योगदान के लिए लसिथ, पारस और कार्ल का दिल से आभार व्यक्त करती है।”
बयान में आगे कहा गया, “उनका समर्पण, उनके द्वारा बनाए गए रिश्ते और उनकी मदद से बनी यादें हमेशा हमारी यात्रा का हिस्सा रहेंगी। हम उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।”
इन लोगों के जाने के साथ ही मलिंगा का टीम के साथ एक लंबा जुड़ाव खत्म हो गया है। मलिंगा को MI के इतिहास के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। श्रीलंका के इस महान तेज़ गेंदबाज़ ने टीम की चार IPL खिताबी जीत और 2011 चैंपियंस लीग T20 जीत के दौरान बॉलिंग अटैक की कमान संभाली थी। बाद में वह मेंटर और कोच के रूप में भी टीम से जुड़े।
मलिंगा IPL 2024 से पहले तेज़ गेंदबाज़ी कोच के रूप में मुंबई इंडियंस में लौटे थे। उन्होंने शेन बॉन्ड की जगह ली थी, जो नौ सीज़न तक इस भूमिका में रहे थे। 2021 में संन्यास लेने के बाद, उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के तेज़ गेंदबाज़ी कोच के रूप में दो सीज़न बिताए थे। MI के सपोर्ट स्टाफ में मलिंगा का यह दूसरा कार्यकाल था – इससे पहले 2018 में वे मेंटर के तौर पर जुड़े थे, और फिर अगले साल मैदान पर वापसी करते हुए जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद से गेंदबाजी की, जिससे टीम ने अपना चौथा IPL खिताब जीता।
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज म्हांब्रे दो अलग-अलग दौर में इस फ्रेंचाइजी से जुड़े रहे – पहली बार 2010 से 2017 तक, और फिर 2025 सीजन से पहले। म्हांब्रे नवंबर 2021 से जुलाई 2024 तक भारत के गेंदबाजी कोच रहे; इस दौरान टीम ने वेस्टइंडीज में T20 वर्ल्ड कप भी जीता।
MI के साथ कोच के तौर पर अपने पहले कार्यकाल में, म्हांब्रे उस टीम का हिस्सा थे जिसने 2013 में IPL और 2011 व 2013 में चैंपियंस लीग T20 का खिताब जीता था। इसके अलावा, वे UAE के ILT20 टूर्नामेंट में ‘MI एमिरेट्स’ के गेंदबाजी कोच भी रहे। इंग्लैंड के पूर्व फील्डिंग कोच हॉपकिन्सन 2025 सीजन से पहले MI से जुड़े, और उन्हें टीम की फील्डिंग के स्तर को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
