मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड: चार लोगों की दर्दनाक मौत, स्वास्थ्य मंत्री और उपमुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
चिरौरी न्यूज
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में लगी भीषण आग ने चार लोगों की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद राज्यभर में शोक की लहर है। घटना पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को घायलों की सुरक्षा और समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस प्रकार की दुर्घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। सरकार यह जांच करेगी कि आग किन परिस्थितियों में लगी और अस्पताल में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात अस्पताल में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते अस्पताल के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय अस्पताल में मरीज, उनके परिजन और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे। आग लगते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई, जबकि अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से अनेक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग प्रभावित हुए हैं। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर डटे रहे और राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करते रहे।
इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रत्येक मृतक के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
