निक जोनस ने शेयर की प्रियंका चोपड़ा की अनदेखी इंगेजमेंट फोटो, ‘8 साल पहले उसने हां कहा था’
चिरौरी न्यूज
मुंबई: हॉलीवुड सिंगर और अभिनेता निक जोनस ने अपनी पत्नी और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ बिताए खास पल को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक अनदेखी इंगेजमेंट फोटो साझा की है। इस तस्वीर के साथ निक ने लिखा, “8 years ago she said yes” यानी “आज से 8 साल पहले उन्होंने ‘हां’ कहा था।”
तस्वीर में निक जोनस प्रियंका चोपड़ा का हाथ थामे उनकी डायमंड इंगेजमेंट रिंग दिखाते नजर आ रहे हैं, जबकि प्रियंका ने शर्माते हुए अपना चेहरा हाथों से ढक रखा है। निक की इस पोस्ट को प्रियंका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रीशेयर करते हुए लिखा, “So Grateful, you asked.. @nickjonas” यानी “मैं बहुत आभारी हूं कि आपने मुझे प्रपोज किया।”
इससे पहले निक जोनस ने प्रियंका के जन्मदिन पर भी एक प्यारा वीडियो शेयर किया था, जिसमें अभिनेत्री बोट राइड का आनंद लेते हुए कैमरे की ओर फ्लाइंग किस देती नजर आई थीं। उस पोस्ट के कैप्शन में निक ने सिर्फ “Mi Amor” लिखा था। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने साल 2018 में राजस्थान के उम्मेद भवन पैलेस, जोधपुर में शाही अंदाज में शादी की थी। जनवरी 2022 में दोनों ने सरोगेसी के जरिए अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस का स्वागत किया।
प्रियंका चोपड़ा के जन्मदिन के मौके पर निर्देशक एस.एस. राजामौली ने अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ से अभिनेत्री का नया लुक भी जारी किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर प्रियंका के दो पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “मुस्कुराती हैं तो गरिमा, और जब नहीं मुस्कुरातीं तो आग… मंदाकिनी।”
फिल्म ‘वाराणसी’ में प्रियंका मंदाकिनी के किरदार में नजर आएंगी। इस मेगा बजट एक्शन-एडवेंचर फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 7 अप्रैल 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा जल्द ही लोकप्रिय स्पाई-थ्रिलर वेब सीरीज ‘सिटाडेल सीजन 2’ में भी नजर आएंगी, जिसमें वह एक बार फिर अभिनेता रिचर्ड मैडेन के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी।
