नीता अंबानी ने बताया, कैसे मुंबई इंडियंस ने पांड्या भाइयों और बुमराह को अपनी टीम में शामिल किया

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस की मालिकनी नीता अंबानी ने हाल ही में एक इवेंट के दौरान खुलासा किया कि कैसे उनकी टीम ने क्रिकेट की दुनिया के सितारे बने पांड्या भाइयों और जसप्रीत बुमराह को अपनी फ्रेंचाइज़ी में शामिल किया। नीता अंबानी ने बताया कि वह हमेशा नए क्रिकेट टैलेंट की खोज में रहती थीं और इसके लिए उन्होंने रणजी ट्रॉफी के हर मैच में जाकर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया।
नीता ने बताया कि एक दिन उनके स्काउट्स दो युवा, पतले और कद में छोटे लड़कों को मुंबई इंडियंस कैंप में लाए, जो बाद में हार्दिक और क्रुणाल पांड्या निकले। उन्होंने दोनों से बात की और जाना कि उन दोनों ने तीन साल तक सिर्फ मैगी नूडल्स खाया था क्योंकि उनके पास पैसे नहीं थे। लेकिन नीता को दोनों में वह जोश और जुनून नजर आया, जो उन्हें बड़ा क्रिकेटर बना सकता था।
नीता ने आगे कहा, “आईपीएल में हर टीम का एक निश्चित बजट होता है, इसलिए हमें नई प्रतिभाओं को खोजने के नए तरीके ढूंढने होते थे। मैंने हार्दिक पांड्या को 10 हजार अमेरिकी डॉलर में खरीदा था और आज वह मुंबई इंडियंस के गर्वित कप्तान हैं।”
इसके बाद नीता अंबानी ने जसप्रीत बुमराह के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि बुमराह के गेंदबाजी में कुछ खास था, जो उन्हें दूसरों से अलग करता था।
नीता ने यह भी बताया कि मुंबई इंडियंस ने पिछले साल तिलक वर्मा को लॉन्च किया और वह अब भारतीय टीम के अहम सदस्य हैं। उन्हें गर्व है कि मुंबई इंडियंस को ‘भारत में क्रिकेट का नर्सरी’ कहा जाता है।
आईपीएल 2025 सीज़न के लिए मुंबई इंडियंस अपनी छठी ट्रॉफी जीतने के प्रयास में है। इस सीज़न के पहले मैच में उनकी भिड़ंत 23 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स से होगी, हालांकि हार्दिक पांड्या इस मैच में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
