पार्थिव पटेल ने बुमराह की वापसी, पांड्या की भूमिका और अभिषेक शर्मा के धमाकेदार फ़ॉर्म पर रखी बड़ी राय

Parthiv Patel has a strong opinion on Bumrah's return, Pandya's role and Abhishek Sharma's explosive form.
(File Photo/BCCI Twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 9 दिसंबर से शुरू होने वाले पाँच मैचों की T20I सीरीज़ से पहले पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज़ पार्थिव पटेल ने टीम इंडिया के तीन अहम पहलुओं—जसप्रीत बुमराह की वापसी, हार्दिक पांड्या की भूमिका और युवा अभिषेक शर्मा के शानदार फ़ॉर्म—पर खुलकर बात की है।

ODI सीरीज़ में 2-1 की शानदार जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया अब सीमित ओवरों के इस अहम लेग में उतरने को तैयार है, जो आने वाले ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 (भारत-श्रीलंका) की तैयारी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बुमराह की वापसी भारत के लिए बड़ा प्लस: पार्थिव पटेल

साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज़ में आराम मिलने के बाद जसप्रीत बुमराह अब T20I मुकाबलों में वापसी कर रहे हैं। पार्थिव पटेल ने JioStar पर बात करते हुए कहा कि बुमराह का बेहतर उपयोग भारत की रणनीति को तय करेगा।

उन्होंने कहा, “देखना अहम होगा कि इंडिया बुमराह का इस्तेमाल कैसे करता है। एशिया कप के बाद उनसे पावरप्ले में तीन ओवर कराए गए हैं। अगर ऐसा ही हुआ तो डेथ ओवर्स के लिए उनके पास सिर्फ़ एक ओवर बचेगा—वह भी 19वां। ऐसे में अर्शदीप सिंह का डेथ ओवर्स में बड़ा रोल रहेगा। इंडिया को बुमराह का इस्तेमाल बहुत सोच-समझकर करना होगा।”

एशिया कप 2025 के दौरान क्वाड्रिसेप्स इंजरी झेलने के बाद हार्दिक पांड्या लंबे समय तक एक्शन से दूर रहे थे। पाकिस्तान के खिलाफ फ़ाइनल और ऑस्ट्रेलिया टूर छोड़ने के बाद उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वापसी करते हुए अपनी फिटनेस साबित की और अब T20I टीम में शामिल हो गए हैं।

पटेल के मुताबिक, “हार्दिक की वापसी भारत के लिए बहुत अहम है। SMAT में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वह गेंद और बल्ले दोनों से टीम को संतुलन देते हैं और उनके पास अनुभव भी है। मैदान पर उनकी मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए भी बड़ा सहारा होगी।”

अभिषेक शर्मा का प्रचंड फ़ॉर्म बना भारत की उम्मीद

SMAT में पंजाब की तरफ़ से खेलते हुए अभिषेक शर्मा ने इस सीज़न में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने छह मैचों में 304 रन, 50.67 की औसत और 249.18 के स्ट्राइक रेट से बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। वह लगातार छक्के बरसा रहे हैं और T20I रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज़ भी बने हुए हैं।

पटेल ने कहा, “अभिषेक इस सीज़न के प्लेयर ऑफ द सीज़न हैं। वह बहुत रन बना रहे हैं, कई छक्के जड़ रहे हैं और शानदार लय में हैं। सवाल ये है कि क्या वह यह फ़ॉर्म इंटरनेशनल स्तर पर भी कायम रख पाएंगे? मुझे यक़ीन है कि वह कर सकते हैं। भारत की सफलता के लिए उनके टॉप ऑर्डर के रन निर्णायक होंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *