‘वन ऑफ इमरान हाशमी की बेस्ट परफॉर्मेंस’: श्रिया सरन ने की ‘अवारापन 2’ की तारीफ

‘One of Emraan Hashmi’s best performances’: Shriya Saran praises ‘Awarapan 2’चिरौरी न्यूज

मुंबई: इमरान हाशमी की फिल्म ‘अवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने इमरान हाशमी के करियर में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। यह उनकी पहली सोलो फिल्म बन गई है, जिसने 100 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन पार किया है। इसी बीच फिल्म में नजर आईं अभिनेत्री श्रिया सरन ने इमरान हाशमी की एक्टिंग की जमकर तारीफ की है।

हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान श्रिया सरन ने ‘अवारापन 2’ में इमरान हाशमी की परफॉर्मेंस को उनकी बेहतरीन अदाकारी में से एक बताया। उन्होंने कहा, “इमरान की एक्टिंग माइंड-ब्लोइंग थी। उन्होंने किरदार को जिस गहराई और इंटेंसिटी के साथ निभाया, वह शानदार था। मैं इसे उनकी बेस्ट परफॉर्मेंस में से एक कहूंगी।”

श्रिया ने फिल्म के पहले पार्ट से जुड़ी अपनी यादों को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि ‘अवारापन’ उनके लिए हमेशा खास फिल्म रही है और इस फिल्म के सीक्वल से जुड़कर उन्हें काफी नॉस्टैल्जिक महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि उन्हें अब भी याद है कि फिल्म की शूटिंग कहां हुई थी और उस दौरान क्या-क्या हुआ था। श्रिया ने यह भी बताया कि उन्हें सीक्वल में एक सीन में एक्ट करने का मौका मिला, जिससे वह बेहद खुश हैं।

2007 में रिलीज हुई ‘अवारापन’ में श्रिया सरन ने आलिया का किरदार निभाया था। फिल्म में उनका किरदार इमरान हाशमी के किरदार शिवम पंडित की कहानी का अहम हिस्सा था। ‘अवारापन 2’ में भी आलिया के किरदार और नाम का जिक्र कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। श्रिया की मौजूदगी सीक्वल को मूल फिल्म से जोड़ने वाली अहम कड़ी के तौर पर देखी जा रही है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘अवारापन 2’ की धुआंधार कमाई

‘अवारापन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के बाद से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, सातवें दिन फिल्म ने भारत में करीब 6 करोड़ रुपये नेट कमाए।

फिल्म का भारत में अब तक का नेट कलेक्शन करीब 113.50 करोड़ रुपये, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 135.37 करोड़ रुपये बताया गया है। विदेशों में फिल्म ने करीब 26.30 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन लगभग 161.67 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म के 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने के बाद ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर इसे इमरान हाशमी के लिए खास उपलब्धि बताया था। ‘अवारापन 2’ अब इमरान हाशमी की पहली सोलो फिल्म बन गई है, जिसने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है। फिल्म ने रिलीज के पांचवें दिन ही यह उपलब्धि हासिल कर ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *