लोगों का ध्यान अभिनेत्री के काम से ज्यादा उसकी उम्र पर: तब्बू
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: हाल ही में प्रियदर्शन की फिल्म भूत बंगला में तब्बू ने अक्षय कुमार और वामिका गब्बी के साथ स्क्रीन शेयर की। फिल्म की रिलीज़ के बाद अब तब्बू अपने एक बेबाक इंटरव्यू को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की उम्र को लेकर होने वाली टिप्पणियों और उससे जुड़े दबाव पर खुलकर बात की।
Harper’s Bazaar India को दिए इंटरव्यू में तब्बू ने कहा कि लोगों का ध्यान अक्सर किसी अभिनेत्री के काम से ज्यादा उसकी उम्र पर होता है। उन्होंने कहा, “लोग आपकी उम्र को लेकर आपसे ज्यादा परेशान रहते हैं। वे आपको बार-बार आईना दिखाने की कोशिश करते हैं, जैसे कि आपको खुद अपनी उम्र का एहसास न हो।”
उन्होंने आगे बेहद सहज अंदाज़ में कहा, “कोई इंसान रातों-रात बूढ़ा नहीं हो जाता। हम हर दिन अपने बदलते दौर को महसूस करते हैं। ऐसा नहीं है कि एक दिन आप 20 साल के हों और अगले ही दिन 45 के।”
तब्बू ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए यह भी बताया कि उस समय अभिनेत्रियों को फिल्मों को रिजेक्ट करने की असली वजह बताने से रोका जाता था। इंडस्ट्री में यह आम सलाह दी जाती थी कि अगर कोई फिल्म पसंद न आए, तो सीधे मना करने के बजाय ‘डेट्स की समस्या’ का बहाना बना दिया जाए।
हालांकि, तब्बू ने हमेशा अपनी बात साफ़ तरीके से रखने में विश्वास किया। उन्होंने कहा, “मुझे यह बात कभी समझ नहीं आई। अगर मुझे कोई स्क्रिप्ट पसंद नहीं है, तो नहीं है। फिर उसे छिपाने की क्या जरूरत? मैंने हमेशा यही साफ़ कहा।”
वर्कफ्रंट की बात करें तो तब्बू इन दिनों किंग 100 की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह नागार्जुन अक्किनेनी के करियर की 100वीं फिल्म है। दिलचस्प बात यह है कि लगभग तीन दशक बाद तब्बू और नागार्जुन की जोड़ी फिर साथ नजर आएगी। इससे पहले दोनों निन्ने पेल्लाडाथा जैसी सुपरहिट फिल्म में साथ काम कर चुके हैं।
