प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “उनका जीवन और नेतृत्व करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा”
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू के जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति समर्पण की सराहना की और कहा कि उनका जीवन और नेतृत्व पूरे देश में करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा, “राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देशभर के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने सदैव गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए कार्य किया है। मैं उनके दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”
देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर देश के कई प्रमुख नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, “भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जमीनी स्तर से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक का उनका सफर भारत के लोकतंत्र की ताकत को दर्शाता है। उनका सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति समर्पण हम सभी को प्रेरणा देता है।”
बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आदिवासी क्षेत्रों के उत्थान, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है।”
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति मुर्मू 25 जुलाई 2022 को भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थीं। इससे पहले वे 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। उन्होंने अपने जीवन को समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को सशक्त बनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए समर्पित किया है।