पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट ने अनॉकहें अंदाज में मनाया ‘ओपलाइट’ की सफलता
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: वैश्विक पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट ने अपने गीत “Opalite” के बिलबोर्ड हॉट 100 चार्ट में शीर्ष स्थान पर पहुंचने की खुशी अनोखे अंदाज में मनाई। सिंगर ने बिना मेकअप वाली अपनी कई तस्वीरें और वीडियो साझा कर इस उपलब्धि का जश्न मनाया, जिन्हें देखकर प्रशंसक भावुक हो उठे। टेलर स्विफ्ट ने इंस्टाग्राम पर “Opalite” की मेकिंग से जुड़े खास पलों की झलकियां साझा कीं।
उन्होंने लिखा कि यह गाना हॉट 100 में नंबर एक पर पहुंचा है और वह प्रशंसकों के प्यार से अभिभूत हैं। उन्होंने बताया कि उनके करियर में यह पहली बार है जब उनके किसी एक ही एल्बम से दो गाने हॉट 100 में नंबर एक बने हैं, और ऐसा करीब बारह साल बाद हुआ है।
सिंगर ने कहा कि इससे पहले यह उपलब्धि उन्हें अपने वर्ष 2014 में जारी एल्बम 1989 के दौरान मिली थी, जो उनके करियर के सबसे अहम एल्बमों में से एक माना जाता है। स्विफ्ट ने अपने संदेश के अंत में प्रशंसकों का दिल से आभार जताया और कहा कि उनके समर्थन के बिना यह संभव नहीं था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह इस खुशी में मॉल जाकर एक बड़ा प्रेट्ज़ेल खरीद सकती हैं।
टेलर स्विफ्ट अपने आत्मकथात्मक गीतों और हर दौर में खुद को नए रूप में पेश करने के लिए जानी जाती हैं। वह दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली लाइव म्यूजिक कलाकारों में शामिल हैं और अब भी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
