जापान से और मजबूत होंगे राजस्थान के रिश्ते, पर्यटन बनेगा नई पहचान

Rajasthan's ties with Japan to strengthen further; tourism to emerge as a new identity.चिरौरी न्यूज

जयपुर/ टोक्यो: राजस्थान और जापान के रिश्तों में अब पर्यटन भी नई मजबूती जोड़ने जा रहा है। जापान की राजधानी और सबसे बड़े शहर टोक्यो में हाल में आयोजित ‘रॉयल राजस्थान : सेलिब्रेटिंग इंडियाज हेरिटेज, कल्चर एंड टूरिज्म’ रोड शो ने यही संदेश दिया। भारतीय दूतावास और राजस्थान पर्यटन विभाग की संयुक्त पहल से आयोजित इस कार्यक्रम में जापानी ट्रैवल ट्रेड के सामने राजस्थान की नई पर्यटन तस्वीर पेश की गई। राजस्थान पर्यटन विभाग के अधिकारी इस शो से वर्चुअली जुडे।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी का विशेष वीडियो संदेश रहा। उन्होंने जापान के लोगों को राजस्थान आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि यहां के किले, महल, विश्व धरोहर स्थल, रंग-बिरंगी संस्कृति, वन्यजीव, आध्यात्मिक स्थल और शाही मेहमाननवाजी दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी ओर खींचती है।

राजस्थान सरकार ने हाल के वर्षों में विदेशों में पर्यटन प्रचार तेज किया है। टोक्यो में आयोजित यह रोड शो उसी श्रंखला का अहम पड़ाव माना जा रहा है। पर्यटन विभाग की कोशिश है कि जापान जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन बाजारों में राजस्थान की पहचान और मजबूत हो तथा वहां से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़े।

दरअसल, जापानी पर्यटक इतिहास, विरासत और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने में खास रुचि रखते हैं। ऐसे में राजस्थान उनके लिए भारत के सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है। यही वजह है कि इस रोड शो में राजस्थान के किलों, महलों और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों के साथ-साथ बौद्ध पर्यटन, लक्ज़री होटल, डेजर्ट सफारी, वाइल्डलाइफ, ग्रामीण पर्यटन, वेलनेस और वेडिंग डेस्टिनेशन जैसी खूबियों को भी प्रमुखता से सामने रखा गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जापान में भारत की राजदूत नगमा मोहम्मद मलिक के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद राजस्थान पर आधारित प्रमोशनल फिल्म दिखाई गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए राजस्थान पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अतिरिक्त निदेशक आनंद त्रिपाठी ने राज्य की पर्यटन संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी और पर्यटन क्षेत्र में निवेश, होमस्टे, पर्यटन इकाई नीति-2024 तथा पर्यटन सुविधाओं में हुए सुधारों की जानकारी साझा की।

रोड शो में जापान के प्रमुख टूर ऑपरेटरों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उनका कहना था कि राजस्थान जापानी पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और उनकी पसंद को ध्यान में रखते हुए विशेष यात्रा पैकेज तैयार किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में राजस्थान के होटल और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधि भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। दोनों देशों के पर्यटन कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच बिजनेस नेटवर्किंग और बातचीत भी हुई, जिससे भविष्य में पर्यटन सहयोग बढ़ने की उम्मीद है।

राजस्थान की प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्य प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। टोक्यो में आयोजित इस रोड शो ने एक बार फिर यह संकेत दिया कि राजस्थान अब केवल अपनी विरासत के दम पर नहीं, बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों के साथ पर्यटन संबंध मजबूत करने की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। जापान के साथ बढ़ती यह साझेदारी आने वाले समय में राजस्थान के पर्यटन को नई उड़ान दे सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *