‘लॉक अप 2’ में श्रेया कालरा के साथ ‘किसिंग’ विवाद पर राम कपूर ने तोड़ी चुप्पी

Ram Kapoor breaks silence on the 'kissing' controversy involving Shreya Kalra in 'Lock Upp 2'.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में राम कपूर और श्रेया कालरा के बीच हुआ विवाद काफी सुर्खियों में रहा था। शो के दौरान श्रेया ने राम कपूर पर उनकी निजी सीमाएं पार करने और कैमरे के सामने किस करने को लेकर गंभीर टिप्पणियां की थीं। अब राम कपूर ने इस पूरे मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है।

पत्रकार नयनदीप के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान राम कपूर ने कहा कि श्रेया ने बाद में उनसे कई बार बातचीत की थी और कहा था कि उनका इरादा वैसा नहीं था जैसा बातों से नजर आया। राम कपूर ने कहा कि वह अपने स्वभाव को लेकर हमेशा से ऐसे ही रहे हैं और अपने करियर के दौरान वह काफी फिजिकल और एक्सप्रेसिव व्यक्ति रहे हैं। उन्होंने कहा कि संदर्भ से हटाकर कही या की गई किसी बात को लेकर वह खुद को बदलने वाले नहीं हैं।

राम कपूर ने अपने करीब तीन दशक लंबे करियर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि इंडस्ट्री में 27 साल के दौरान उनके साथ काम करने वाली किसी महिला ने उनके खिलाफ शिकायत नहीं की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होते रहते हैं और कई बार चीजों को संदर्भ से बाहर पेश किया जाता है। उनके मुताबिक, वह ऐसी चीजों पर अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहते। राम कपूर ने कहा कि उनकी जिंदगी में काफी सकारात्मक चीजें हैं और वह अपना ध्यान उन्हीं पर केंद्रित करना पसंद करते हैं।

श्रेया को लेकर बोले- ‘वह अभी युवा हैं’

श्रेया कालरा के साथ अपने रिश्ते पर बात करते हुए राम कपूर ने कहा कि उन्हें उनसे कोई परेशानी नहीं है। हालांकि, उनका मानना है कि श्रेया अभी युवा हैं और समय के साथ उन्हें कई चीजें समझ आएंगी।

उन्होंने कहा कि जब भी श्रेया उनसे खुलकर बात करती थीं, वह उनके लिए उपलब्ध रहते थे और दोनों के बीच बातचीत अच्छी तरह आगे बढ़ती थी। हालांकि, कई बार राम कपूर के किसी फैसले से श्रेया नाराज हो जाती थीं।

राम ने यह भी दावा किया कि शो में श्रेया की ऐसी स्थिति सिर्फ उनके साथ नहीं थी, बल्कि कई अन्य लोगों के साथ भी उनका टकराव हुआ था।राम कपूर ने उन अटकलों को भी खारिज किया कि वह श्रेया कालरा या शिल्पा शिंदे को पसंद नहीं करते।

उन्होंने कहा कि वह किसी को नापसंद करने के लिए शो में नहीं गए थे। उनके मुताबिक, किसी व्यक्ति को सिर्फ यह कहकर जज करना आसान है कि “मुझे यह इंसान पसंद नहीं है”, लेकिन अगर उसके व्यवहार के पीछे की वजह समझने की कोशिश की जाए तो चीजें अलग नजर आ सकती हैं।

शिल्पा शिंदे के बारे में राम कपूर ने कहा कि शायद दोनों की आपस में ज्यादा नहीं बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिल्पा ने उनके बारे में कई बातें कही हैं, लेकिन वह उन्हें समझते हैं क्योंकि उन्होंने काफी मुश्किल जिंदगी देखी है। राम कपूर ने कहा कि उन्हें शिल्पा से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है।

दिलचस्प बात यह है कि श्रेया कालरा ने राम कपूर को अपने पॉडकास्ट में आने के लिए कहा है। राम ने बताया कि वह उनके पॉडकास्ट में जरूर जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि लोगों को पता चले कि उन्हें श्रेया से कोई समस्या नहीं है। राम कपूर ने यह भी कहा कि जब लोग उनसे पूछते हैं कि वह किससे प्यार करते हैं या किससे नफरत करते हैं, तो उनका जवाब होता है—किसी से नहीं।

क्या हुआ था ‘लॉक अप 2’ में?

‘लॉक अप: सच या सज़ा’ में एक टास्क के बाद श्रेया और राम कपूर के बीच विवाद ने जोर पकड़ा था। टीम लीडर चुनने के लिए हुए वोटिंग में शिवांगी जोशी को सबसे ज्यादा वोट मिले और वह टीम लीडर बनीं। वहीं, दूसरे स्थान पर रहीं आकांक्षा चमोला को दूसरी टीम की लीडर बनाया गया। इसके बाद लॉकर रूम में शिल्पा शिंदे से बातचीत के दौरान श्रेया ने शिवांगी के टास्क के दौरान राम कपूर के कथित व्यवहार का जिक्र किया।

श्रेया ने आरोप लगाया कि राम शिवांगी के काफी करीब चले गए थे और बाद में माफी मांगी। इसी बातचीत में उन्होंने राम कपूर पर बातचीत के दौरान थूकने तक का आरोप लगाया और उनकी निजी सीमाओं का सम्मान करने की बात कही। श्रेया ने यह भी दावा किया था कि राम कपूर ने उन्हें असहज किया था। उन्होंने कहा था कि अगर राम दोबारा उन्हें किस करने की कोशिश करेंगे तो वह उनका हाथ रोक देंगी।

दरअसल, शो के एक एपिसोड में श्रेया ने एक टास्क जीता था, जिसके बाद राम कपूर ने उनके गाल पर किस किया था। इसी घटना को लेकर बाद में विवाद खड़ा हुआ। हालांकि, राम कपूर अब इन आरोपों को लेकर अपनी तरफ से सफाई दे चुके हैं और उन्होंने साफ किया है कि वह श्रेया के खिलाफ कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं रखते। ‘लॉक अप’ का पहला सीजन 2022 में प्रसारित हुआ था, जिसमें कंगना रनौत होस्ट और करण कुंद्रा जेलर की भूमिका में नजर आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *