चोट से उबर रहे श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ से बाहर, बीसीसीआई ने नहीं दी हरी झंडी

Recovering from injury Shreyas Iyer rules out of New Zealand ODI series BCCI has not given green lightचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारतीय बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर जनवरी 11 से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में वापसी नहीं कर पाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अक्टूबर में खेले गए एक वनडे मैच के दौरान डाइव लगाकर कैच पकड़ने की कोशिश में उन्हें प्लीहा (spleen) में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद से वह लगातार रिकवरी की प्रक्रिया में हैं। बीसीसीआई ने फिलहाल उन्हें खेलने की मंजूरी नहीं दी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रेयस बल्लेबाज़ी तो कर पा रहे हैं, लेकिन अभी तक 50 ओवर के मैच में फील्डिंग के लिए जरूरी शारीरिक मजबूती हासिल नहीं कर सके हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चोट के चलते उनकी करीब 6 किलो वजन में कमी आई है, जिसकी वजह मसल मास का घट जाना बताया जा रहा है।

इससे पहले मीडिया में खबरें आई थीं कि अगर रिकवरी योजना के मुताबिक रही, तो श्रेयस 3 और 6 जनवरी को मुंबई के लिए विजय हज़ारे ट्रॉफी के दो मुकाबले खेल सकते हैं और उसके बाद भारतीय टीम के साथ वडोदरा में जुड़ सकते हैं। हालांकि, बीसीसीआई सूत्रों ने इस पर स्थिति स्पष्ट की है।

बीसीसीआई के एक सूत्र कि श्रेयस अय्यर ने इस हफ्ते स्किल ट्रेनिंग शुरू कर दी है और वह अच्छी स्थिति में हैं। लेकिन 50 ओवर के मैच में फील्डिंग की शारीरिक चुनौतियों को वह कैसे संभाल पाते हैं, इसका आकलन करना जरूरी है।

गौरतलब है कि श्रेयस अय्यर को यह चोट ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज़ एलेक्स कैरी का कैच पकड़ने की कोशिश में लगी थी। सिडनी के अस्पताल में हुए स्कैन में अंदरूनी रक्तस्राव की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कर मामूली सर्जरी करानी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया और भारत के मेडिकल विशेषज्ञों की निगरानी में रहने के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और वह स्वदेश लौटे।

फिलहाल, श्रेयस की वापसी उनकी फिटनेस और फील्डिंग क्षमता पर निर्भर करेगी, और बीसीसीआई किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *